जयपुर मेट्रो द्वितीय फेज का पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास, तैयारियां अंतिम चरण में
सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के दौरान 5664 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई 2026 को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित इंडोर हॉल से जयपुर मेट्रो द्वितीय फेज का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के 5664 नव नियुक्त कार्मिकों को पंजीकरण के उपरांत नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम का संचालन निर्धारित योजना के अनुरूप किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। यातायात संचालन, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रहेगी।
प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, बैकअप जनरेटर, इंटरनेट एवं संचार व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर ने अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल कविया तथा जयपुर मेट्रो के निदेशक (कंपनी मामलात) महेश बुराडिया को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित वर्चुअल शिलान्यास और जिला स्तरीय रोजगार उत्सव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं।

