जयपुर मेट्रो फेज-2: प्रहलादपुरा से पिंजरापोल कॉरिडोर के लिए 918 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर 12 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 स्टेशनों के निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र जारी, जल्द शुरू होगा धरातल पर काम।

जयपुर में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला के बीच प्रस्तावित मेट्रो फेज-2 के निर्माण की तैयारियों का जायजा लेते अधिकारी और प्रस्तावित कॉरिडोर का रूट मैप।
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संकल्पबद्धता के साथ गुलाबी नगरी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में 'लाइफलाइन' मानी जाने वाली जयपुर मेट्रो के द्वितीय चरण ने अब धरातल पर रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के अनुगामी कदम के रूप में जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने फेज-2 के निर्माण की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 एलिवेटेड स्टेशनों के डिजाइन एवं निर्माण हेतु 918.04 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का स्वीकृति पत्र (LOA) जारी कर दिया है। इस निर्णायक कदम के साथ ही अब प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक के 12 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इस परियोजना के प्रथम पैकेज के अंतर्गत निर्माण फर्म को प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर 10 एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण सुनिश्चित करना होगा, साथ ही डिपो की ओर जाने वाली स्पर लाइन का कार्य भी इसी पैकेज का हिस्सा रहेगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 13,037.66 करोड़ रुपये की इस महात्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति प्रदान किए जाने के उपरांत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उच्च स्तरीय बैठक कर इसके त्वरित क्रियान्वयन की रूपरेखा तय की थी। मुख्यमंत्री ने मेट्रो प्रशासन को स्पष्ट निर्देशित किया है कि कुल 41 किलोमीटर के रूट में से शेष बचे 29 किलोमीटर के कॉरिडोर के लिए भी निविदा प्रक्रिया अविलंब शुरू की जाए, ताकि जयपुरवासियों को सुगम एवं आधुनिक यातायात का लाभ समयबद्ध सीमा में मिल सके।

