प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, 41 किमी परियोजना से जुड़ेगा पूरा शहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास किया। 41 किमी लंबी इस परियोजना के साथ 5,664 नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) लोकसभा सांसद मंजू शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक महिला को प्रमाण पत्र सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार, 4 जुलाई 2026 को बालोतरा जिले के पचपदरा से वर्चुअल माध्यम के जरिए जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर का सीधा प्रसारण जयपुर स्थित एसएमएस स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जयपुर में आयोजित वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा, लोकसभा सांसद (जयपुर शहर) श्रीमती मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक श्री कालीचरण सराफ, सिविल लाइंस विधायक श्री गोपाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्टेडियम परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुई। इसके बाद जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसी दौरान केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर का बधाई संदेश भी वीडियो के माध्यम से प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में जयपुर जिले के नवनियुक्त 5,664 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना लगभग 41 किलोमीटर लंबी होगी, जो शहर के दक्षिणी छोर से उत्तरी छोर तक निर्बाध मेट्रो संपर्क स्थापित करेगी। परियोजना के तहत कुल 36 मेट्रो स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जिनमें 34 एलिवेटेड और 2 भूमिगत स्टेशन शामिल होंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 13,037.66 करोड़ रुपये की लागत आएगी तथा इसे सितंबर 2031 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजना के पूरा होने के बाद जयपुर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र, आवासीय क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थान, रेलवे स्टेशन, कलेक्ट्रेट तथा जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1, टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। इसके माध्यम से आमजन को सुरक्षित, सुगम, पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
यह परियोजना जयपुर को स्मार्ट, सुदृढ़ और बेहतर कनेक्टेड शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी तथा राज्य में सार्वजनिक शहरी परिवहन व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित राज्य की भावी मेट्रो परियोजनाओं का निर्माण एवं संचालन भारत सरकार और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम "राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (RMRC)" द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग आलोक गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, जयपुर मेट्रो वैभव गालरिया, संभागीय आयुक्त जयपुर वे. सरवन कुमार, जिला कलेक्टर जयपुर संदेश नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जयपुर मेट्रो के अधिकारी एवं कार्मिक भी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
