जयपुर मेट्रो फेज-2 का शुभारंभ: भजनलाल शर्मा ने किया भूमि पूजन, मिलेगी नई कनेक्टिविटी
जयपुर मेट्रो फेज-2 के भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीतापुरा डिपो में पाइलिंग कार्य शुरू किया और मेट्रो यात्रा कर परियोजना की प्रगति का अवलोकन किया।

जयपुर में मेट्रो विस्तार की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का विधिवत भूमि पूजन एवं शिला पूजन किया। उन्होंने सीतापुरा स्थित मेट्रो डिपो में पाइलिंग रिंग मशीन का पूजन कर पाइलिंग कार्य का शुभारंभ किया और लगभग 41 किलोमीटर लंबे मेट्रो फेज-2 के मॉडल का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री इसके बाद इलेक्ट्रिक बस से मेट्रो डिपो साइट से मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने विण्डो से टिकट लिया और छोटी चौपड़ तक मेट्रो में सफर किया। यात्रा के दौरान उन्होंने मेट्रो के कॉकपिट से फेज-2 के तहत खासाकोठी में बनने वाले इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन की साइट का अवलोकन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने आर्ट गैलेरी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जयपुर में मेट्रो विस्तार बेहद जरूरी था, इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने जयपुर की जनता को फेज-2 की सौगात दी है। प्रधानमंत्री जिस कार्य का शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी करते हैं। वर्चुअल शिलान्यास के बाद 18 दिनों में ही सिविल कार्य की शुरुआत हो गई है। जल्द ही शहरवासियों को सुगम आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। यह मेट्रो जयपुर की लाइफलाइन भी बनेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप फेज-3 और फेज-4 का काम भी प्रारंभ किया जाएगा।
जयपुर मेट्रो फेज-2 के अंतर्गत प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। इस कॉरिडोर की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रूपये से अधिक है।
फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन, अंबाबाड़ी तथा विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इस परियोजना में एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा, जिससे शहर में एकीकृत और निरंतर मेट्रो नेटवर्क सुनिश्चित होगा। परियोजना के फेज-2 के पहले पैकेज में 918 करोड़ से अधिक की लागत के कार्यों के लिए एलओए (स्वीकृति पत्र) जारी भी हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक मेट्रो यात्रा के दौरान बच्चों और महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव जाने। यात्रियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे जयपुर मेट्रो फेज-2 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों ने कहा कि प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक की 41 किलोमीटर मेट्रो लाइन से अधिक से अधिक जयपुरवासियों को सुगम एवं सस्ते आवागमन की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, विधायक कैलाश चन्द वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, आरएमआरसीएल एमडी वैभव गालरिया सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। जयपुर मेट्रो फेज-2 के निर्माण कार्य की शुरुआत के साथ शहर में बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण प्रारंभ हो गया है।

