जयपुर मेट्रो विस्तार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए आमेर और जगतपुरा तक नए रूट के निर्देश
बजट 2025-26 की घोषणा के अनुरूप वैशाली नगर और जगतपुरा के लिए डीपीआर तैयार, घनी आबादी को जोड़ने हेतु आमेर और आईएसबीटी हीरापुरा तक होगा मेट्रो का विस्तार।

जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में शुक्रवार को जयपुर मेट्रो विस्तार परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और उपस्थित उच्चाधिकारी।
जयपुर, 20 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर शहर के आमजन को मेट्रो के जरिये सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को जयपुर मेट्रो के विस्तार फेज की प्लानिंग में सभी प्रमुख स्थानों को शामिल करने एवं जनसंख्या घनत्व को ध्यान में रखकर नवीन मेट्रो फेज की दिशा में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
मेट्रो परियोजनाओं का समय अनुकूल विकास और नियंत्रित लागत जरूरी
मुख्यमंत्री कार्यालय में शुक्रवार को जयपुर मेट्रो के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि "भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर मेट्रो परियोजनाओं का समय अनुकूल विकास एवं नियंत्रित लागत बेहद जरूरी है।" उन्होंने निर्देश दिए कि इसी क्रम में घनी आबादी क्षेत्र के लिए मेट्रो विस्तार फेज को वर्तमान मेट्रो लाईन्स से जोड़ने की कार्ययोजना को प्रमुखता से बनाया जाए।
बजट घोषणा और नए प्रस्तावित एलाइनमेंट पर चर्चा
उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2025-26 में जगतपुरा एवं वैशाली नगर क्षेत्रों में मेट्रो के विस्तार हेतु डीपीआर बनाने की घोषणा की गई थी, जिसके क्रम में जयपुर मेट्रो के अधिकारियों ने प्रस्तावित एलाइनमेंट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड़), जगतपुरा एवं आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तार देने के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए।
जेडीए एवं जयपुर मेट्रो का आपसी सामंजस्य
मुख्यमंत्री ने जेडीए अधिकारियों को अरण्य भवन से जगतपुरा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि "इस कार्य के लिए जेडीए एवं जयपुर मेट्रो आपसी सामंजस्य से काम करें।" बैठक के दौरान श्री शर्मा ने मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़-ट्रांसपोर्ट नगर) एवं फेज-1डी (मानसरोवर-अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति का भी विवरण लिया। अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के जरिये मेट्रो परियोजना की विभिन्न कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में उपस्थित उच्चाधिकारी
इस महत्वपूर्ण अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) श्री अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त एवं प्रबंध निदेशक राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड श्री वैभव गालरिया, आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण श्री सिद्धार्थ महाजन सहित जयपुर मेट्रो एवं जेडीए के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मेट्रो विस्तार में जनसंख्या घनत्व और भविष्य की जरूरतें प्राथमिकता होनी चाहिए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
