17 जुलाई को जयपुर के चित्रकूट स्टेडियम में लगेगा विशाल रोजगार सहायता शिविर, निजी कंपनियां करेंगी मौके पर चयन
17 जुलाई को जयपुर के चित्रकूट स्टेडियम में विशाल रोजगार सहायता शिविर आयोजित होगा, जहां निजी कंपनियां मौके पर चयन करेंगी और विभिन्न विभाग योजनाओं की जानकारी देंगे।

जयपुर जिला कलेक्ट्री सभागार में बैठक के दौरान मेज के चारों ओर बैठे सरकारी अधिकारी और प्रशासनिक कर्मचारी।
राज्य सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग की वार्षिक कार्य योजना वर्ष 2026-27 के क्रियान्वयन तथा श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड, माननीय केबिनेट मंत्री, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार संभागीय रोजगार कार्यालय, जयपुर की ओर से 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से श्री प्रताप स्टेडियम (चित्रकूट स्टेडियम), चित्रकूट, जयपुर में एक दिवसीय विशाल रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड, माननीय केबिनेट मंत्री, राजस्थान सरकार के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों की निजी कंपनियां अपनी रिक्तियों के अनुसार युवा आशार्थियों का मौके पर ही प्राथमिक चयन करेंगी, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
आयुक्त, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग ऋषभ मंडल ने बताया कि विशाल रोजगार सहायता शिविर में निर्माण, लॉजिस्टिक, होटल, बैंकिंग, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा, सिक्योरिटी, ई-कॉमर्स, कॉल सेंटर, बीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित निजी नियोजक भाग लेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभाग भी शिविर में सहभागिता कर अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे और आशार्थियों को उनसे लाभान्वित करेंगे।
अधिक से अधिक युवा आशार्थियों एवं नियोजकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रोजगार विभाग द्वारा ईईएमएस 2.0 पोर्टल जारी किया गया है, जिसके माध्यम से आशार्थी एवं नियोजक शिविर में पंजीकरण कर भाग ले सकते हैं।
संयुक्त निदेशक, संभागीय रोजगार कार्यालय, जयपुर श्रीमती नवरेखा ने अधिक से अधिक युवा आशार्थियों से विशाल रोजगार सहायता शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, आईटीआई, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक सहित सभी योग्यताधारी आशार्थियों के लिए रिक्तियां उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी पात्र आशार्थियों से अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ शिविर में पंजीकरण कर इसका लाभ लेने का आग्रह किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
