जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी ने दीपावली पर शहर में स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए 30 से अधिक व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ दो घंटे से अधिक समय तक मैराथन बैठक की। बैठक में बाजारों की सफाई, सड़कों की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन, पेड़ों की कटाई-छंटाई और निराश्रित पशुओं के प्रबंधन सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, जोन एवं मुख्यालय के उपायुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर सुनील कोठारी ने व्यापार मंडलों से अपील की कि इस दीपावली पर हर घर, वार्ड, गली-मोहल्ले और दुकान में स्वच्छता का दीप जलाने का संकल्प लिया जाए। उन्होंने प्रत्येक दुकान के बाहर गीले और सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन रखने, खुले में कचरा नहीं फेंकने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। साथ ही बाजारों में अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर नहीं लगाने तथा सड़कों, फुटपाथों और बरामदों पर अवैध अतिक्रमण नहीं करने और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकने का आह्वान किया। उन्होंने व्यापारियों से जयपुर के जिम्मेदार नागरिक के रूप में शहर के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाने को कहा।

बैठक में महापौर ने चारदीवारी क्षेत्र में पेड़ों की कटाई-छंटाई, फेरो कवर लगाने, सड़कों पर पेचवर्क कराने और बाजारों में साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा यूरिनल्स बनाने, अवैध अतिक्रमण हटाने और सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चारदीवारी क्षेत्र की सफाई के लिए अतिरिक्त संसाधन और मैनपावर लगाकर व्यवस्था बेहतर बनाने की बात भी कही गई।

महापौर ने बताया कि दीपावली के अवसर पर पंजीकृत व्यापार मंडल 11 दिन के लिए निःशुल्क स्वागतद्वार लगा सकेंगे। हालांकि, इन स्वागतद्वारों का मजबूत होना जरूरी होगा और उनसे यातायात या आमजन की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। त्योहार के दौरान अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जाएगी। इसके लिए फायर ब्रिगेड का एक्शन प्लान तैयार करने के साथ ऑन-कॉल अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा। पटाखों की दुकानों को सुरक्षित तरीके से लगाने और उनमें फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। बाजारों में सजावट के लिए की जाने वाली लाइटिंग में सभी तार पूरी तरह कवर रखने और कहीं भी खुले तार नहीं छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

शहर के बाजारों को दीपावली पर आकर्षक रोशनी से सजाने के लिए भी पहल की जाएगी। महापौर ने घोषणा की कि बेहतरीन रोशनी करने वाले बाजारों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्थित बाजारों के निर्माण के लिए व्यापार मंडलों की भागीदारी पर जोर दिया गया। बैठक का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में सफाई, निर्बाध आवागमन, सुरक्षित विद्युत सजावट और अग्निशमन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना रहा।

बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, सुरेश सैनी तथा न्यू सांगानेर व्यापार मंडल, अजमेर रोड व्यापार मंडल, घी वालों का रास्ता व्यापार महासंघ, महेश नगर व्यापार मंडल, घाटगेट बाजार व्यापार मंडल, चांदपोल बाजार व्यापार मंडल, जौहरी बाजार व्यापार मंडल, गणगौरी बाजार व्यापार मंडल और किशनपोल बाजार व्यापार मंडल सहित 30 से अधिक व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर निगम की इस बैठक में बाजारों की स्वच्छता से लेकर रोशनी और अग्नि सुरक्षा तक की तैयारियों पर चर्चा कर अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

Next Story