जयपुर। नगर निगम जयपुर के महापौर श्री सुनील कोठारी ने बुधवार को सांगानेर एवं मानसरोवर जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता योद्धाओं के साथ 3 घंटे से भी अधिक समय तक मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में जोन स्तर के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सफाई से जुड़े संसाधनों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

महापौर ने दोनों जोन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था समेत विभिन्न नागरिक सुविधाओं और नगर निगम से संबंधित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार फीडबैक लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल सहित संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

बैठक में जोनवार प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। महापौर श्री सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर नगर निगम को जनता का नगर निगम बनाया जाए और जनहित को प्राथमिकता दी जाए। आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जाए।

महापौर ने सभी पार्षदों से राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि समस्याओं का समाधान हो और संवाद कायम रहे।

बैठक में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए महापौर ने कहा, ‘‘म्हारो जयपुर, प्यारो जयपुर, न्यारो जयपुर’’ तभी बन पाएगा, जब सभी मिलकर एक टीम के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई का मतलब केवल झाड़ू लगाना नहीं है, बल्कि क्षेत्र को पूर्ण रूप से व्यवस्थित बनाना है।

महापौर ने फुटपाथ आदि पर किसी भी प्रकार का कचरा नहीं रहने और पेड़-पौधों की समय-समय पर कटाई-छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दीपावली पर्व के मद्देनजर उन्होंने सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़कों पर पेचवर्क और सड़कों पर पड़े सीएनडी वेस्ट को समय-समय पर हटाने सहित सभी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वार्डवार समय-समय पर साप्ताहिक सफाई अभियान चलाने को भी कहा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जोन स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और फील्ड में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। बैठक में सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर दिए गए निर्देशों के साथ जोन स्तर पर नियमित निगरानी और त्वरित समस्या समाधान पर जोर दिया गया।

Next Story