जयपुर नगर निगम महापौर श्री सुनील कोठारी ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को सिविल लाइंस जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता योद्धाओं के साथ दो घंटे से अधिक समय तक मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में जोन के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सफाई संसाधनों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों से जोनवार फीडबैक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल, उपायुक्त (स्वास्थ्य), सतर्कता, पशु प्रबंधन सहित संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। पीपीटी के माध्यम से जोन के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

महापौर श्री सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर नगर निगम को जनता का नगर निगम बनाया जाए और जनहित को प्राथमिकता दी जाए। आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का समाधान हो और संवाद कायम रहे। साथ ही दीपावली तक वार्डवार विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा।

महापौर ने नवाचार के रूप में अधिकारियों और वार्ड पार्षदों की एक मंच पर बैठक आयोजित करने की बात कही, जिससे स्थानीय समस्याओं का तत्काल निराकरण हो सके। बैठक में स्थानीय पार्षदों ने हूपर्स, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशु प्रबंधन और अवैध अतिक्रमण से संबंधित समस्याएं उठाईं। महापौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

महापौर ने पार्षदों से कहा कि आगामी प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर आमजन की जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। आमजन से खुले में कचरा नहीं फेंकने और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की जाए। उन्होंने कहा कि सभी एक टीम के रूप में काम करेंगे। महापौर ने स्पष्ट किया कि सफाई का मतलब केवल झाड़ू लगाना नहीं है, बल्कि संबंधित क्षेत्र को पूरी तरह व्यवस्थित रखना है।

उन्होंने निर्देश दिए कि फुटपाथ आदि पर किसी भी प्रकार का कचरा नहीं रहना चाहिए और पेड़-पौधों की समय-समय पर कटाई-छंटाई सुनिश्चित की जाए। अधिशाषी अभियंता विद्युत को स्थानों का सर्वे कर आकलन करने और आवश्यकता के अनुसार समुचित वाट की लाइट लगाने के निर्देश दिए, ताकि वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो सके।

दीपावली पर्व के मद्देनजर महापौर ने सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़कों पर पेचवर्क और सड़कों पर पड़े सीएनडी वेस्ट को समय-समय पर हटाने सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डवार साप्ताहिक सफाई अभियान चलाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे तो जयपुर को बेहतर बनाया जा सकेगा।

महापौर ने अधिकारियों को जोन स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और फील्ड में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।

Next Story