जयपुर महापौर सुनील कोठारी की मैराथन बैठक, सफाई पर सख्त निर्देश दिए
झोटवाड़ा समेत कई जोन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सफाई और विकास कार्यों को गति देने के निर्देश।

जयपुर नगर निगम हॉल में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते महापौर सुनील कोठारी।
महापौर सुनील कोठारी की 5 घंटे से अधिक मैराथन बैठक, सफाई और जनसमस्याओं पर सख्त निर्देश
जयपुर। नगर निगम जयपुर महापौर श्री सुनील कोठारी ने गुरुवार, 01 अक्टूबर को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर, जगतपुरा एवं झालाना तथा मालवीय नगर जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता योद्धाओं के साथ 5 घंटे से अधिक समय तक मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में जोन स्तर के प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सफाई से जुड़े संसाधनों और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों से जोनवार फीडबैक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल सहित संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। महापौर ने जोन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के साथ विभिन्न नागरिक सुविधाओं और नगर निगम से संबंधित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान प्रशासनिक ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।
महापौर श्री सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर नगर निगम को जनता का नगर निगम बनाया जाए और जनहित को प्राथमिकता दी जाए। आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का समाधान हो और संवाद कायम रहे। उन्होंने दीपावली तक वार्डवार विशेष सफाई अभियान चलाने की बात भी कही।
महापौर ने नवाचार के रूप में एक मंच पर अधिकारियों और वार्ड पार्षदों की बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया, जिससे स्थानीय समस्याओं का तत्काल निराकरण हो सके। बैठक में स्थानीय पार्षदों ने केबल तार, हूपर्स, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशु प्रबंधन और अवैध अतिक्रमण से संबंधित समस्याएं उठाईं। महापौर ने अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए महापौर ने कहा, ‘‘म्हारो जयपुर, प्यारो जयपुर, न्यारो जयपुर’’ तभी बन पाएगा, जब सभी मिलकर एक टीम के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई का मतलब केवल झाड़ू लगाना नहीं है, बल्कि संबंधित क्षेत्र को पूरी तरह व्यवस्थित बनाना है। फुटपाथ आदि पर किसी भी प्रकार का कचरा नहीं रहे और पेड़-पौधों की समय-समय पर कटाई-छंटाई होती रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
महापौर ने दीपावली पर्व के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इनमें सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़कों पर पेचवर्क तथा सड़कों पर पड़े सीएनडी वेस्ट को समय-समय पर हटाना शामिल है। उन्होंने वार्डवार साप्ताहिक सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए और कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे तो जयपुर को बेहतर बनाया जा सकेगा।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जोन स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और फील्ड में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की योजनाओं एवं सेवाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।

