जयपुर: महापौर सुनील कोठारी ने देर रात लिया सफाई व्यवस्था का जायजा
सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ तक निरीक्षण के दौरान अवैध होर्डिंग और केबल हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे।

तस्वीर में जयपुर में रात के समय सड़क पर झाड़ू थामकर सफाई करते हुए महापौर और अन्य लोग।
नगर निगम जयपुर महापौर श्री सुनील कोठारी ने कल रात्रि लगभग 10:30 बजे से शहर की रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। महापौर ने सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर से बड़ी चौपड़ तक सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खुद सफाई की कमान संभालते हुए हाथों में झाड़ू थामी और सफाई भी की।
रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद सहित सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहीं। महापौर ने जौहरी बाजार और बड़ी चौपड़ में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। जहां-जहां गंदगी मिली, वहां उन्होंने नाराजगी जाहिर की और मौके पर ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने रास्तों में लगी अवैध होर्डिंग और अवैध केबल को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अवैध होर्डिंग, अवैध केबल एवं गंदगी आदि अव्यवस्थाओं से शहर की छवि खराब होती है। जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
इस रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था के साथ अवैध होर्डिंग, अवैध केबल और गंदगी जैसी अव्यवस्थाओं को लेकर मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

