जयपुर मेयर सुनील कोठारी ने हटवाया कचरे का ढेर, मौके पर दिए निर्देश
विद्याधर नगर जाते समय सड़क किनारे कचरा देख महापौर ने रुकवाया वाहन, जेसीबी की मदद से तुरंत साफ कराया डिपो बना स्थान।

जयपुर के विद्याधर नगर में सड़क किनारे कचरे का ढेर देखते हुए महापौर सुनील कोठारी।
जयपुर में सड़क किनारे कचरे का ढेर देखकर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी ने तत्काल संज्ञान लिया और अपना वाहन रुकवाकर मौके पर ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई। मंगलवार, 20 अक्टूबर को विद्याधर नगर में निजी कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय महापौर ने कचरे का जमाव देखा। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर जेसीबी और डंपर की सहायता से कचरा हटवाया।
महापौर सुनील कोठारी विद्याधर नगर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कचरा जमा देखकर उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित उपायुक्त को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सीएसआई और सफाई टीम को भी मौके पर बुलाया तथा तत्काल सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर स्वयं मौके पर मौजूद रहे और जेसीबी, डंपर सहित अन्य संसाधनों की सहायता से सफाई कार्य करवाया। कचरा लंबे समय से एकत्रित होने के कारण संबंधित स्थान पर डिपो जैसी स्थिति बन गई थी। महापौर के निर्देश पर वहां तत्काल सफाई करवाई गई और जमा कचरे को हटाया गया।
इस त्वरित कार्रवाई के जरिए नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का जमाव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ आमजन की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।
नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि वे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें तथा उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करें। शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है, ताकि स्वच्छ जयपुर के निर्माण के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सके।

