जयपुर में मणिपाल हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु गुप्ता ने अत्यंत जटिल हृदय रोग से पीड़ित 70 वर्षीय महिला मरीज का सफल उपचार कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया। मरीज को अचानक तेज सीने और पेट में दर्द की शिकायत के बाद गंभीर अवस्था में मणिपाल हॉस्पिटल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया, जहां डॉ. विपिन जैन और डॉ. हिमांशु गुप्ता ने उनका परीक्षण किया।

जांच के दौरान ईसीजी, ईको सहित अन्य परीक्षणों में गंभीर हृदय संबंधी समस्या की पुष्टि हुई। मरीज को हार्ट अटैक आने के साथ ही हृदय की पंपिंग क्षमता काफी कम हो गई थी तथा उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा था। इसके बाद वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हिमांशु गुप्ता की देखरेख में मरीज की विस्तृत जांच की गई।

डॉ. हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मरीज को गंभीर हार्ट अटैक के कारण हार्ट फेल्योर हो गया था, जिससे फेफड़ों और हृदय के आसपास पानी भर गया था। उनका ब्लड प्रेशर काफी कम था तथा किडनी में भी सूजन आ गई थी। एंजियोग्राफी में पाया गया कि मरीज की मुख्य धमनी (लेफ्ट मेन) सहित हृदय की तीनों प्रमुख धमनियों में गंभीर ब्लॉकेज था। सामान्यतः ऐसी स्थिति में बाईपास सर्जरी की सलाह दी जाती है, लेकिन मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह विकल्प अत्यधिक जोखिम भरा था।

ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में डॉ. हिमांशु गुप्ता ने आधुनिक इम्पेला (Impella) हार्ट पंप की सहायता से हाई-रिस्क कॉम्प्लेक्स एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया। इस अत्याधुनिक तकनीक की मदद से सफलतापूर्वक ब्लॉकेज को खोला गया और हृदय में रक्त प्रवाह सामान्य किया गया। पूरी प्रक्रिया सफल रही और मरीज की जान बचाई जा सकी।

इस अवसर पर डॉ. हिमांशु गुप्ता ने कहा, "इम्पेला जैसी अत्याधुनिक तकनीक उन मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है, जिनमें बाईपास सर्जरी का जोखिम अधिक होता है। यह तकनीक जटिल एंजियोप्लास्टी के दौरान हृदय को अस्थायी सहारा प्रदान करती है, जिससे उपचार सुरक्षित और अधिक सफल हो जाता है। सही समय पर उपचार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से गंभीर हार्ट फेल्योर और हाई-रिस्क मरीजों का भी सफल इलाज संभव है।"

हॉस्पिटल डायरेक्टर श्री रंजन ठाकुर ने कहा, "मणिपाल हॉस्पिटल में मरीजों को विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक हृदय उपचार उपलब्ध कराने के लिए नवीनतम तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। इम्पेला जैसी एडवांस तकनीक और हमारे अनुभवी कार्डियक विशेषज्ञों की टीम की बदौलत अब अत्यंत जटिल और हाई-रिस्क मामलों का भी सफल उपचार संभव हो रहा है। हमारा उद्देश्य प्रत्येक मरीज को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।" यह सफल उपचार गंभीर हृदय रोगियों के लिए आधुनिक तकनीक आधारित उपचार की उपयोगिता और समय पर चिकित्सा हस्तक्षेप के महत्व को रेखांकित करता है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story