श्रावण मास के दौरान कावड़ यात्राओं और शिवालयों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर श्री संदेश नायक की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में पहली बार पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा प्रमुख शिवालयों के पुजारियों एवं मंदिर व्यवस्थापकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रावण मास के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर श्री संदेश नायक ने जयपुर विकास प्राधिकरण को अपने क्षेत्राधिकार की सड़कों एवं मीडियन की मरम्मत 30 जुलाई, 2026 से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां नवीन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, वहां समुचित चेतावनी संकेतक एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा गया ताकि कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

जयपुर नगर निगम को कावड़ यात्रा मार्गों एवं मंदिर परिसरों की नियमित साफ-सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, सीवरेज मैनहोल एवं उनके ढक्कनों की मरम्मत, सड़क सुधार, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुव्यवस्थित पार्किंग, फुटपाथों एवं पैदल मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा बेसहारा पशुओं के प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख शिवालयों में रंगोली सज्जा कराने तथा उपयोग में आ चुके पुष्प, बिल्वपत्र आदि का धूपबत्ती एवं अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण के लिए पुनः उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इन व्यवस्थाओं की सतत निगरानी और त्वरित समाधान के लिए पृथक नियंत्रण कक्ष स्थापित कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति करने को भी कहा गया।

जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग को गलता जी सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में संभावित भीड़ के अनुरूप चिकित्सक दलों एवं एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कावड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी चिकित्सकीय संस्थानों में कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा सभी प्रमुख शिवालयों में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

विद्युत विभाग को जिले के सभी शिवालयों एवं कावड़ यात्रा मार्गों पर झूलते विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित करने, खुले तारों एवं विद्युत जंक्शनों को सुरक्षित बनाने तथा विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना पूर्णतः समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग को कावड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रभावी कानून-व्यवस्था तथा सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर अनधिकृत वाहन पार्किंग रोकने के लिए परिवहन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाने को भी कहा। बैठक में मंदिर व्यवस्थापकों को आश्वस्त किया गया कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं सभी संबंधित विभाग उनके सुझावों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप समन्वित रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। आवश्यकता अनुसार सिविल डिफेंस के वॉलंटियर्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री हनुमान सहाय मीणा, डीसीपी ईस्ट श्रीमती रंजिता शर्मा, डीसीपी नॉर्थ श्री करण शर्मा, डीसीपी साउथ श्री राजर्षि वर्मा, डीसीपी वेस्ट श्री प्रशांत किरण, डीसीपी ट्रैफिक श्री योगेश गोयल, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री रतन लाल योगी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर साउथ) श्री युगांतर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। श्रावण मास के दौरान कावड़ यात्राओं और प्रमुख शिवालयों में व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की यह संयुक्त तैयारी सुरक्षा, सुविधा और समन्वित प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Next Story