जयपुर में 21 नवंबर से कला, रचनात्मकता और राजस्थान की लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पांच दिवसीय गणगौर जयपुर कला महोत्सव में देशभर के 200 से अधिक ख्यातिप्राप्त कलाकार, चित्रकार, संगीतकार और नृत्यकार अपनी कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में 21 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में रंगों, कलाकृतियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष छटा देखने को मिलेगी।

गणगौर टेलीविजन, सच बेधड़क समाचार पत्र, विजुअल आर्ट डिपार्टमेंट, राजस्थान यूनिवर्सिटी एवं प्रतिभा एजुकेशनल डेवलपमेंट रिसर्च सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी पेंटिंग, स्कल्पचर, डिजाइन, क्राफ्ट और आर्ट इंस्टॉलेशन प्रदर्शित करेंगे। इन कलाकृतियों से शिल्पग्राम को सजाया जाएगा। इसके साथ ही कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अपने विचार साझा करेंगी।

महोत्सव के पांचों दिन शाम 6 से 9 बजे तक राजस्थान के लोक संगीत और लोक नृत्य के रंगारंग कार्यक्रम होंगे। आर्ट इंस्टॉलेशन, रंगोली, फेस पेंटिंग, पोर्ट्रेट पेंटिंग और मेहंदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। युवा कलाकारों के लिए विशेष आर्ट वर्कशॉप और लाइव डेमो का आयोजन होगा। महोत्सव में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 200 फीट लंबे कैनवास पर आयोजित होने वाली सामूहिक पेंटिंग होगी। 'आओ बनाओ पेंटिंग' थीम पर आधारित इस आयोजन में कोई भी व्यक्ति अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेगा। इसके माध्यम से आम लोगों को भी सामूहिक कला सृजन में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

महोत्सव के अंतिम दिन पेंटिंग्स की नीलामी की जाएगी। नीलामी में बिकने वाली प्रत्येक कलाकृति की राशि संबंधित कलाकार को मौके पर ही प्रदान की जाएगी। इससे कलाकारों को अपनी रचनाओं के प्रदर्शन के साथ उन्हें सीधे बेचने का अवसर भी मिलेगा।

आयोजक बीएम चांदना एवं विजुअल आर्ट विभाग के प्रमुख रजत पंडेल ने बताया कि महोत्सव में विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, सच बेधड़क समाचार एवं गणगौर टेलीविजन के प्रवक्ता शिशिर अवस्थी ने बताया कि आयोजन के पांचों दिन प्रसिद्ध राजस्थानी लोक कलाकार और संगीतकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पांच दिनों तक चलने वाला यह कला महोत्सव चित्रकला, शिल्प, रचनात्मक गतिविधियों और राजस्थान की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।

Next Story