जयपुर के शहीद स्मारक पर रविवार को वॉइस ऑफ मीडिया संगठन के आह्वान पर पत्रकारों ने एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। पुलिस कमिश्नरेट के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे पत्रकारों ने हम सब एक हैं के नारों के साथ सरकार से पत्रकार हितों से जुड़ी लंबित मांगों के त्वरित समाधान की पुरजोर मांग की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की उपेक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि पत्रकार आज भी सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।

वॉइस ऑफ मीडिया के प्रदेश मीडिया प्रभारी गोविंद गोपाल सिंह ने इस आयोजन को पत्रकारों की एकजुटता का प्रमाण बताते हुए कहा कि जब भी पत्रकार हितों पर आंच आएगी, पूरा समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा। उन्होंने सरकार से पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाने की अपेक्षा की। राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष उत्तर क्षेत्र केशव सिंह सोलंकी ने इसे अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव करार देते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान होने तक यह संघर्ष जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे प्रदेशव्यापी बनाया जाएगा। राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने पत्रकारों को लोकतंत्र की रीढ़ बताते हुए उनके हितों की रक्षा को सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी बताया।

धरना-प्रदर्शन के उपरांत संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम 30 सूत्रीय मांगपत्र उनके प्रतिनिधि को सौंपा। इस मांगपत्र में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, पत्रकार कल्याण योजनाओं के विस्तार, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, पेंशन, आवास और मान्यता प्रक्रिया में सुधार जैसी महत्वपूर्ण मांगे शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल को मांगपत्र पर शीघ्र विचार करने का आश्वासन दिया गया है। कार्यक्रम के समापन पर पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी रणनीति के तहत आंदोलन को और अधिक व्यापक व निर्णायक स्वरूप दिया जाएगा। इस मौके पर गोपाल गुप्ता, गोविंद प्रसाद सैनी, दुर्गालाल सैनी, संदीप अग्रवाल, किशन सिंह, नितेश अग्रवाल, डी.सी. शर्मा, जयंत सिंह सोलंकी, सुरेंद्र सोनी, जाकिर खान, घनश्याम शर्मा, नागपाल शर्मा, डॉ. सुरेश शर्मा, कमल रतनु, उमर पठान, रेखराज चौहान, सुरेश कुमावत, राजेश मेहरा, विनोद शर्मा, रोहित संधि और ओमप्रकाश मीणा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story