जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में आगामी गीता सप्ताह ज्ञान यज्ञ की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आयोजन की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन 23 जून से 29 जून 2026 तक विभिन्न स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।

बैठक का आयोजन प्राचीन शिव हनुमान मंदिर, श्री राम गौशाला, बाबा लाल दास जी की बगीची, जगन्नाथ पुरी और काँटा चौराहा, झोटवाड़ा में प्रस्तावित गीता सप्ताह ज्ञान यज्ञ की व्यवस्थाओं को लेकर किया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं धर्मप्रेमी जनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, कलश यात्रा, गीता स्वाध्याय, प्रवचन, अखण्ड गीता पाठ, हवन तथा बाल संस्कार वर्ग जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर विश्वगीता प्रतिष्ठान, जयपुर, राजस्थान के केंद्रीय संगठन मंत्री विष्णु प्रसाद शर्मा, केंद्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, श्री श्री 1008 संत विष्णु दास जी महाराज नागा, नारायण सोनी तथा राजस्थान मीडिया प्रभारी प्रियंका माली सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जून को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक गीता स्वाध्याय एवं प्रवचन आयोजित होंगे। वहीं 25 जून को सामूहिक अखण्ड गीता पाठ एवं हवन का आयोजन प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक बाल संस्कार वर्ग का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 29 जून को सायंकाल कथा विश्राम के साथ होगा।

आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन में सहभागिता करने तथा “गीता पढ़ें, जीवन बदलें, आगे बढ़ें, विश्व को जोड़ें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story