जयपुर में विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर फोटोग्राफी और चित्रकला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में ‘नजर फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन’ के पांचवें सीजन का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन जवाहर कला केंद्र में होगा, जिसे जयपुर के प्रमुख फोटोग्राफी आयोजनों में से एक माना जा रहा है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा शुक्रवार सुबह 11 बजे करेंगे। संरक्षक रेणुका कुमावत ने बताया कि प्रदर्शनी में देश-विदेश के साथ राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े फोटोग्राफर्स अपनी चुनिंदा तस्वीरें प्रदर्शित करेंगे।

इस आयोजन की खासियत यह है कि फोटोग्राफी के साथ पेंटिंग को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। इससे कला की विभिन्न विधाओं का अनूठा संगम दर्शकों को देखने को मिलेगा।

प्रदर्शनी में जयपुर एवं राजस्थान के जाने-माने फोटो जर्नलिस्ट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी तथा पेंटिंग आर्टिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा खींची गई तस्वीरें भी दर्शकों के लिए प्रदर्शित की जाएंगी। देश-विदेश के विभिन्न स्थानों की खूबसूरत और अनूठी तस्वीरों के साथ कलाकारों की पेंटिंग्स दर्शकों को कला और फोटोग्राफी की विविधता से रूबरू कराएंगी।

रेणुका कुमावत ने बताया कि यह ऐसा साझा मंच है, जहां फोटोग्राफर्स, फोटो जर्नलिस्ट और पेंटिंग आर्टिस्ट एक साथ अपनी कला लोगों के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं। इसका उद्देश्य फोटोग्राफी और चित्रकला से जुड़े कलाकारों को एक मंच उपलब्ध कराने के साथ आमजन को बेहतरीन कला का अनुभव कराना है।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। तीनों दिन दर्शकों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ ढेरों इनाम जीतने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन जयपुर में फोटोग्राफी, कला और रचनात्मकता के विविध रंगों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story