जयपुर में गूंजा ‘जय जगन्नाथ’, गुप्त वृन्दावन धाम की भव्य रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालु हुए शामिल
जयपुर में गुप्त वृन्दावन धाम की भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग पर जय जगन्नाथ के उद्घोष और हरे कृष्ण संकीर्तन की गूंज रही।

जयपुर में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ की प्रतिमाओं के साथ भक्त।
गुलाबी नगरी जयपुर गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुप्त वृन्दावन धाम की ओर से आयोजित भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा में पूरे जयपुर से लाखों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा सुभद्रा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से रथ खींचते हुए ‘जय जगन्नाथ’ का उद्घोष किया।
भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा रिमोट से संचालित सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर गुलाबी नगरी की सड़कों पर निकले। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी तथा पूरे रास्ते हरे कृष्ण संकीर्तन का आयोजन किया। जगह-जगह भक्तों ने पुष्पों, फलों, फूलों, दीपों और नारियल से भगवान जगन्नाथ का पूजन कर उनका स्वागत किया।
गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा आयोजित इस रथ यात्रा का शुभारम्भ कलेक्ट्रेट सर्किल के पास जयपुर होटल से हुआ। इसके बाद यात्रा खासा कोठी फ्लाई ओवर, गणपति प्लाजा, गवर्मेंट हॉस्टल चौराहा, पांच बत्ती सर्किल, अजमेरी गेट और अलबर्ट हॉल होते हुए श्री शिव सत्संग भवन, रामनिवास बाग पहुंची, जहां महाआरती के साथ इसका समापन हुआ।
परंपरा के अनुसार गुप्त वृन्दावन द्वारा रथ यात्रा से एक दिन पहले जयपुर के विभिन्न मंदिरों में विशेष मंदिर मार्जन सेवा के तहत मंदिरों की सफाई की गई। मंदिर के अध्यक्ष श्री अमितासना दास ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार जो व्यक्ति अपने हाथों से भगवान का रथ खींचता है, उसका पुनर्जन्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि रथ पर विराजमान भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद मनुष्य सभी पापों से मुक्त हो जाता है।
भव्य धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था, संकीर्तन और पूजा-अर्चना ने पूरे यात्रा मार्ग को भक्तिमय बना दिया तथा भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
