जयपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हार्टफुलनेस और श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में होने जा रहे विशाल योग आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जानिए इस कार्यक्रम में क्या होगा खास।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, 21 जून को जयपुर में योग, ध्यान और मानसिक संतुलन का एक विशाल आयोजन होने जा रहा है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की सहभागिता में हार्टफुलनेस संस्था तथा श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन श्री भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड में प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

योग दिवस को लेकर शहर में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। विद्याधर नगर, अम्बाबाड़ी, झोटवाड़ा, मुरलीपुरा सहित जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार लगभग 2000 से अधिक प्रतिभागी इस सामूहिक योग कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं। इसके साथ ही कई प्रतिष्ठित संस्थान भी इस आयोजन में सहभागिता निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्राणायाम, विभिन्न योगासन, हार्टफुलनेस रिलेक्सेशन, ध्यान तथा विभिन्न मुद्राओं जैसे योगिक अभ्यासों का अनुभव कराया जाएगा। साथ ही बच्चों की मानसिक क्षमता और एकाग्रता के विकास से जुड़ी ब्राइटर माइंड्स तकनीक का भी परिचय कराया जाएगा, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों को नई संभावनाओं से अवगत होने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखते हुए एक समग्र जीवन पद्धति के रूप में स्थापित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह सामूहिक कार्यक्रम न केवल योग के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता को दर्शाएगा, बल्कि समाज में मानसिक शांति, स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के महत्व को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story