जयपुर, 30 दिसंबर। राजस्थान की पारंपरिक माटीकला को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाते हुए श्री यादे माटी कला बोर्ड, राजस्थान के चैयरमैन श्री प्रहलाद राय टाक को एशिया कॉन्टिनेंट अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित भव्य समारोह में नेपाल के उप राष्ट्रपति परमानंद झा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान श्री प्रहलाद राय टाक को सम्मान स्वरूप शॉल ओढ़ाकर, नेपाली टोपी पहनाकर, प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं मोमेंटो भेंट किया गया। यह अलंकरण 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों के सानिध्य में प्रदान किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष अंतरराष्ट्रीय गरिमा प्रदान की। श्री टाक को यह सम्मान माटीकला आर्ट के क्षेत्र में लगातार दो वर्षों से किए जा रहे उल्लेखनीय और प्रभावी कार्यों के लिए दिया गया।

समरसता मंच की चयन समिति की अनुशंसा पर यह अवार्ड श्री प्रहलाद राय टाक को उनके निर्देशन में माटी कला बोर्ड द्वारा माटीकला से जुड़े कारीगरों के जीवन स्तर में सुधार, उन्हें आधुनिक इलेक्ट्रिक मशीनें उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण देने तथा राजस्थान सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कर कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। इन पहलों ने परंपरागत कला को आधुनिक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समरसता मंच द्वारा आयोजित वैश्विक शांति समरसता सम्मेलन का यह कार्यक्रम राजनयिक संबंध वियना अभिशरण अधिनियम 1972 एवं विचार प्रेजेंटेशन के अंतर्गत रशियन कल्चर सेंटर, काठमांडू, नेपाल में संपन्न हुआ। समारोह में नेपाल सरकार के उप राष्ट्रपति परमानंद झा, दिव्य पुरुष परमपूज्य जगदगुरू शिवशक्ति महाराज, नेपाल सरकार के पूर्व उप प्रधानमंत्री राजेंद्र महतो, नेपाल की पूर्व लोकसभा स्पीकर श्रीमती इंदिरा राणा मगर तथा रोमा यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली के चांसलर डॉ. हुकमचंद गणेशिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जगदगुरू शक्ति बाबा को जम्बूद्वीप पद्मश्री वर्ष-2025 अलंकरण से विभूषित किया गया। साथ ही 31 प्रतिभाओं को एशिया कॉन्टिनेंट अलंकरण, 11 प्रतिभाओं को अटल गौरव अलंकरण तथा 31 प्रतिभाओं को वैश्विक एकता अलंकरण से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन जम्बूदीप पद्मश्री इंजी. नरेन्द्र कुमार पाण्डेय एडवोकेट द्वारा किया गया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर श्री प्रहलाद राय टाक को मिला यह सम्मान न केवल राजस्थान की माटीकला परंपरा की उपलब्धि है, बल्कि पारंपरिक कारीगरों को सशक्त बनाकर उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी सशक्त पुष्टि करता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story