प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना केंद्र जयपुर में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषयक तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दूसरे दिन शनिवार को आमजन की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को तथ्यात्मक एवं आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, जनधन योजना, मुद्रा योजना, जल जीवन मिशन, वंदे भारत ट्रेन, मेट्रो विस्तार, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप इंडिया तथा आधारभूत संरचना विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही प्रदर्शनी में राजस्थान सरकार की उपलब्धियों को भी स्थान दिया गया है।

सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय जयपुर के उपनिदेशक हेमंत सिंह ने बताया कि सूचना केंद्र जयपुर में आयोजित यह प्रदर्शनी 14 जून तक प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।

यह प्रदर्शनी न केवल सूचना प्रसार का माध्यम बनी, बल्कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए विकास यात्रा को समझने का एक सशक्त मंच भी साबित हो रही है, जो शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बना रही है।

Next Story