167वें आयकर दिवस पर जयपुर में भव्य आयोजन, 45 कार्यालयों में वृक्षारोपण से रक्तदान तक चले जनसेवा अभियान
जयपुर में 167वें आयकर दिवस पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त श्री सुमीत कुमार की अध्यक्षता में भव्य आयोजन हुआ। प्रदेश के सभी 45 आयकर कार्यालयों में वृक्षारोपण, जन-जागरूकता, छात्र प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान और आयकर परिवार आपात सेवा की शुरुआत जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आयकर विभाग, जयपुर द्वारा प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त श्री सुमीत कुमार जी की अध्यक्षता में 167वें आयकर दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री हरमीत सिंह नारंग, मुख्य आयुक्त, CGST रहे। इस अवसर पर विभाग में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण, टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष महोदय एवं विशिष्ट अतिथि महोदय द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों के स्वागत उद्बोधन के बाद केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष का बधाई संदेश प्रदर्शित किया गया।
इस दौरान विभाग की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। वक्ताओं ने करदाता सेवा, विभाग की उपलब्धियों तथा राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष महोदय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों तथा टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर आयकर परिवार की समस्याओं के समाधान के लिए ‘आयकर परिवार आपात सेवा’ की शुरुआत की गई। इस सेवा का लाभ विभाग में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिवारजन को मिलेगा।
आयकर भवन परिसर और आयकर कॉलोनियों में पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भारत के संदेश के साथ वृक्षारोपण भी किया गया।
167वें आयकर दिवस का आयोजन केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहा। प्रदेश के सभी 45 आयकर कार्यालयों—पूर्व में भरतपुर से लेकर पश्चिम में जैसलमेर तथा उत्तर में श्रीगंगानगर से लेकर दक्षिण में बांसवाड़ा तक—उत्साह, जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ यह दिवस मनाया गया।
इस उपलक्ष्य में आयकर विभाग द्वारा प्रदेश के सभी 45 कार्यालयों में वृक्षारोपण, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में बच्चों के लिए Drawing & Painting, Essay Writing, Debate एवं कविता-पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें 1,200 से अधिक विद्यार्थियों तथा 80 से अधिक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इसके अलावा 5 केन्द्रों पर साइक्लोथॉन एवं वॉकाथॉन तथा 19 स्थानों पर Health Check Up Camps एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन आयोजनों में अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही तथा 200 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस प्रकार 167वें आयकर दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
