जयपुर, 28 दिसम्बर। देश की प्रगति, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को समेटे ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 129वीं कड़ी में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति के कारण पूरी दुनिया को देश से बड़ी उम्मीदें हैं। वर्ष 2025 की अंतिम कड़ी के रूप में प्रसारित इस कार्यक्रम में उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आमजन के साथ यह कार्यक्रम सुना और इसे देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर बताया।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में वर्ष 2025 के दौरान अंतरिक्ष, विज्ञान, तकनीक, खेल और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में भारत को मिली उल्लेखनीय सफलताओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन और अयोध्या मंदिर में हुए ऐतिहासिक ध्वजारोहण को राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत वर्ष 2026 में नए संकल्पों और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

युवा शक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत, लगन और रचनात्मकता राष्ट्र निर्माण की धुरी बन रही है। उन्होंने जानकारी दी कि स्वामी विवेकानन्द की जयंती पर वर्ष 2026 में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’ का आयोजन किया जाएगा, जो युवाओं के विचार और सुझाव साझा करने का सशक्त मंच बनेगा। तकनीकी युग में हो रहे बदलावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्मार्ट इंडिया हैकेथॉन-2025 में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी का उल्लेख किया तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस में आयोजित होने वाले गीतांजलि आईआईएससी कार्यक्रम की भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने मणिपुर में सौर ऊर्जा से बिजली समस्या के समाधान, बांस से बने हस्तशिल्प उत्पादों, फूलों की खेती के माध्यम से महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने, जम्मू-कश्मीर की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और कच्छ रणोत्सव जैसे प्रयासों को समावेशी विकास के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। आगामी 77वें गणतंत्र दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाली ओडिशा की स्वतंत्रता सेनानी पार्वती गिरि को याद किया, जिनका योगदान लंबे समय तक उपेक्षित रहा।

भारतीय भाषाओं के वैश्विक प्रसार पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने दुबई में कन्नड़ परिवारों द्वारा कन्नड़ पाठशाला की शुरुआत और फिजी के विद्यालयों में तमिल दिवस मनाए जाने को भाषा-संस्कृति के संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने काशी तमिल संगमम जैसे आयोजनों के माध्यम से भाषाई सेतु बनने के प्रयासों की भी सराहना की। साथ ही, उन्होंने निमोनिया जैसी बीमारियों के उपचार में एंटीबायोटिक दवाओं के अनियंत्रित उपयोग पर चिंता जताते हुए चिकित्सकीय परामर्श के बिना दवाइयों से बचने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2025 में राजस्थान सहित पूरे देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश की प्रगति की कहानी को सीधे जनता से साझा करता है और यह कार्यक्रम हर नागरिक को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. गोपाल शर्मा, पूर्व विधायक श्री रामलाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल संवाद का मंच रहा, बल्कि भारत के आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा को सशक्त रूप से रेखांकित करता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story