जयपुर, 25 फरवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के आदेशानुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग, अवैध रिफिलिंग, अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना एवं एलपीजी आपूर्ति प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई और जांच दलों का गठन

विभागीय निर्देशों की अनुपालना में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम श्री प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा जयपुर शहर में कार्रवाई हेतु तीन जांच दलों का गठन किया गया। गठित सतर्कता दलों द्वारा अलग-अलग समय पर विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं दबिश की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान कुल 111 घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन, एक रिफिलिंग मोटर मय रबर पाइप व नोजल, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 28 रेगुलेटर, एक मोबाइल एवं एक डायरी जब्त की गई। संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

सतर्कता दल “ए” की प्रताप नगर और झोटवाड़ा में दबिश

सतर्कता दल “ए” ने सेक्टर-28, प्रताप नगर स्थित कृष्णा अपार्टमेंट के पीछे झुग्गी-झोपड़ियों के पास दबिश दी, जहां अवैध क्रय-विक्रय एवं भंडारण की पुष्टि होने पर 67 घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन, एक मोबाइल एवं एक डायरी जब्त की गई। इसके अतिरिक्त झोटवाड़ा क्षेत्र में विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों—होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान एवं फैक्ट्री—पर की गई कार्रवाई में 4 प्रतिष्ठानों से 11 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 4 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए गए।

सतर्कता दल “बी” द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण

सतर्कता दल “बी” द्वारा आमेर कुंडा, सांगानेर एवं मालवीय नगर क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां 8 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से 19 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 18 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए गए।

सतर्कता दल “सी” की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज

सतर्कता दल “सी” ने महसो का मोहल्ला, आमेर में अवैध गैस रिफिलिंग करते हुए 4 घरेलू सिलेंडर, एक इलेक्ट्रिक मोटर, एक रिफिलिंग पाइप, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा मय नोजल तथा अन्य उपकरण जब्त किए। इस प्रकरण में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई। साथ ही चांदपोल क्षेत्र में 6 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 10 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 6 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए गए।

प्रशासन की चेतावनी और निरंतर निगरानी

"जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान अवधि में इस प्रकार की सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी तथा घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story