जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ा एक्शन, 118 सिलेंडर और वाहन जब्त
जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों ने खो-नागोरियान और आगरा रोड सहित विभिन्न इलाकों में दबिश देकर कालाबाजारी के नेटवर्क को ध्वस्त किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की भ्रष्टाचार मुक्त शासन की मंशानुसार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कड़े निर्देशों की अनुपालना में जयपुर जिला प्रशासन ने अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए निर्णायक अभियान छेड़ दिया है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के सीधे निर्देशन में जिला रसद अधिकारी श्री प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा गठित तीन विशेष प्रवर्तन दलों ने राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर गैस माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया। इस सघन कार्रवाई के दौरान रसद विभाग की टीमों ने 118 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और रिफिलिंग उपकरणों सहित भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।
इस विशेष ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम ने तीन विशेष टीमों का संयोजन किया, जिसमें महिला अधिकारियों के नेतृत्व में प्रभावी दबिश दी गई। विशेष प्रवर्तन दल 'ए' में प्रवर्तन अधिकारी सुश्री कविता शर्मा एवं प्रवर्तन निरीक्षक श्रीमती सुनिता चौधरी, दल 'बी' में प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती पूजा शर्मा एवं श्रीमती विजयलक्ष्मी शर्मा, तथा दल 'सी' में प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती निर्मला चौधरी एवं प्रवर्तन निरीक्षक श्रीमती प्रिया गंगवानी ने मोर्चेबंदी करते हुए जांच प्रक्रिया पूरी की। पुलिस थाना खो-नागोरियान के अंतर्गत नारायण सिटी और जेएनयू हॉस्पिटल के समीप की गई संयुक्त कार्रवाई में अवैध रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 74 सिलेंडर, एक पिकअप वाहन, तीन रिफिलिंग मोटर और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। प्रशासन की यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकी; आगरा रोड स्थित गौरव बर्तन भंडार एवं जग्गा की ढाणी में छापेमारी कर 22 सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि भांकरोटा में 08 सिलेंडर और बिन्दायका क्षेत्र में 14 सिलेंडर सहित रेगुलेटर व रबर पाइप जब्त किए गए।
अवैध गतिविधियों में लिप्त दोषियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की विधिक प्रक्रिया तेजी से जारी है। जयपुर शहर में संचालित ‘ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर’ के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन की सुरक्षा और संसाधनों की निर्बाध आपूर्ति से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सजग रहें और किसी भी संदिग्ध भंडारण या कालाबाजारी की सूचना तत्काल विभाग को दें। यह कार्रवाई न केवल अवैध कारोबार पर अंकुश लगाएगी, बल्कि भविष्य में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में भी मील का पत्थर साबित होगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
