जयपुर, 26 फरवरी। जयपुर जिला प्रशासन द्वारा अवैध गैस रिफिलिंग एवं भंडारण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के आदेशानुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग, अवैध रिफिलिंग, अवैध भण्डारण एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने तथा मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना एवं एलपीजी आपूर्ति प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम श्री प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा जयपुर शहर में प्रभावी कार्रवाई हेतु चार जांच दलों का गठन किया गया।

भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और उपकरण बरामद

इन सुनियोजित कार्रवाइयों के दौरान कुल 77 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 60 व्यवसायिक एवं 17 घरेलू सिलेंडर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रशासन ने 1 ट्रक, 11 रेगुलेटर मय रबर पाइप तथा 2 भट्टियां भी जब्त की हैं। विभाग द्वारा वर्तमान में संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

सतर्कता दलों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी

जिला रसद अधिकारी श्री चारण के नेतृत्व में गठित अलग-अलग सतर्कता दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर व्यापक कार्रवाई की। सतर्कता दल "ए" द्वारा प्रताप नगर एवं डीसीएम क्षेत्र में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान एवं फैक्ट्री सहित विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 2 प्रतिष्ठानों से 8 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 रेगुलेटर एवं रबर पाइप जब्त किए गए। इसी क्रम में सतर्कता दल "बी" ने देवी नगर एवं विवेक विहार, सोडाला क्षेत्र में दबिश देकर 3 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से 7 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 7 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए।

अवैध भंडारण पर पुलिस थाना मुहाना मंडी क्षेत्र में स्ट्राइक

सतर्कता दल "सी" द्वारा रातल्या रिंग रोड, पुलिस थाना मुहाना मंडी क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध क्रय-विक्रय एवं अवैध भण्डारण की पुष्टि होने पर 60 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 1 ट्रक जब्त किया गया। उधर, सतर्कता दल "डी" ने घाटगेट एवं एमडी रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2 प्रतिष्ठानों से 2 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 भट्टियां एवं 2 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए।

प्रशासन की आमजन से विशेष अपील

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने आमजन से अपील की है कि "घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू प्रयोजनों के लिए करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि पारदर्शी एवं सुचारू एलपीजी वितरण प्रणाली सुनिश्चित की जा सके।"

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story