जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर कार्रवाई, 56 सिलेंडर और उपकरण जब्त
जिला प्रशासन ने तीन विशेष प्रवर्तन दलों के माध्यम से ब्रह्मपुरी और गोपालपुरा बाईपास सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर अवैध एलपीजी भंडारण और कालाबाजारी पकड़ी।

जयपुर जिला प्रशासन और रसद विभाग की टीम द्वारा 'ऑपरेशन प्रवर्तन' के तहत जब्त किए गए अवैध घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का जखीरा।
जयपुर, 16 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जयपुर शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध रिफिलिंग, अवैध भंडारण तथा कालाबाजारी के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है। जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी श्री प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा जयपुर शहर में कार्रवाई हेतु तीन विशेष प्रवर्तन दलों का गठन किया गया। इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 56 घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडर, 04 इलेक्ट्रॉनिक मोटर, 04 कांटे तथा 03 रेगुलेटर (रबर पाइप सहित) जब्त किए गए हैं। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी और जब्ती की कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर ब्रह्मपुरी क्षेत्र, आमेर रोड जयपुर में कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग की पुष्टि हुई। मौके से 20 घरेलू गैस सिलेंडर, 02 इलेक्ट्रॉनिक मोटर एवं 02 कांटे जब्त किए गए। वहीं, पुलिस की सूचना के आधार पर गोपालपुरा बाईपास स्थित श्याम एवं गोयनका जनरल स्टोर पर कार्रवाई की गई। यहाँ घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग कर कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि होने पर 23 घरेलू गैस सिलेंडर, 02 इलेक्ट्रॉनिक मोटर एवं 02 कांटे जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त विष्णु मिष्ठान भंडार पर निरीक्षण के दौरान व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी की पुष्टि हुई, जहाँ से 13 व्यवसायिक गैस सिलेंडर तथा 03 रेगुलेटर रबर पाइप सहित जब्त किए गए।
गैस एजेंसी का निरीक्षण एवं कड़े निर्देश
विशेष प्रवर्तन दल द्वारा एक गैस एजेंसी का भी निरीक्षण किया गया। एजेंसी संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा एजेंसी परिसर में आमजन की अनावश्यक कतारें नहीं लगने देने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग एवं कालाबाजारी के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा संचालित "ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर" के तहत यह अभियान निरंतर जारी है।
प्रशासन की चेतावनी और आमजन से अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जयपुर शहर के आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गैस रिफिलिंग केंद्र, अवैध भंडारण या कालाबाजारी गतिविधि की सूचना विभाग को तत्काल दें, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
