जयपुर, 02 फरवरी। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत जयपुर जिले में अवैध गैस रिफिलिंग एवं अनधिकृत गैस कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम को प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष सतर्कता दलों का गठन किया गया।


कार्रवाई का मुख्य परिणाम और बरामदगी

चार अलग-अलग स्थानों पर की गई इन कार्रवाइयों में मौके से निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई:

  • कुल 222 घरेलू गैस सिलेंडर
  • 02 व्यवसायिक गैस सिलेंडर
  • 02 पिकअप वाहन और 02 मोटरसाइकिल
  • 23 अप्रमाणित छोटे गैस सिलेंडर और 01 रिफिलिंग जुगाड़
  • 02 इलेक्ट्रॉनिक कॉटा, 03 बांसुरी एवं 01 रेगुलेटर मय पाइप

अवैध गतिविधियों में संलिप्त 05 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।


सतर्कता दलों का गठन एवं नेतृत्व

जिला रसद अधिकारी श्री प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित सतर्कता दलों द्वारा जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध गैस रिफिलिंग के मामलों का पर्दाफाश किया गया। श्री चारण द्वारा तत्काल प्रभाव से चार विशेष सतर्कता दल गठित किए गए, जिनके माध्यम से अलग-अलग समय पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।


क्षेत्रवार कार्रवाई का विवरण

सतर्कता दल ‘ए’ (जनता नगर, राकड़ी सोडाला)

सतर्कता दल ‘ए’ द्वारा जनता नगर, राकड़ी सोडाला जयपुर में दबिश दी गई, जहां अवैध परिवहन, क्रय-विक्रय एवं अनधिकृत व्यापार की पुष्टि होने पर 110 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 01 पिकअप वाहन जब्त किए गए तथा 01 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

सतर्कता दल ‘बी’ (सुशीलपुरा, सोडाला)

  • स्थान: प्लॉट नंबर 42-बी, 43-ए, जमना विस्तार, सुशीलपुरा, सोडाला जयपुर
  • जब्ती: 49 खाली एवं 48 भरे घरेलू गैस सिलेंडर, 02 व्यवसायिक गैस सिलेंडर, 02 मोटरसाइकिल एवं 01 पिकअप वाहन
  • आरोपी: 02 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई

सतर्कता दल ‘सी’ (उस्मान भाई प्लास्टिक स्टोर)

सतर्कता दल ‘सी’ द्वारा उस्मान भाई प्लास्टिक स्टोर, चौधरी पब्लिक स्कूल के सामने, राकड़ी, सोडाला जयपुर में कार्रवाई करते हुए मौके से 02 घरेलू गैस सिलेंडर, 08 अप्रमाणित छोटे सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कॉटा, 02 बांसुरी एवं 01 रबर पाइप जब्त किए गए तथा 01 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

सतर्कता दल ‘डी’ (सौरव गृह संग्रह)

सतर्कता दल ‘डी’ द्वारा सौरव गृह संग्रह, चौधरी पब्लिक स्कूल के सामने, राकड़ी, सोडाला जयपुर में दबिश दी गई, जहां से 13 घरेलू गैस सिलेंडर, 15 अप्रमाणित छोटे सिलेंडर, 01 रेगुलेटर मय पाइप, 01 बांसुरी, 01 इलेक्ट्रॉनिक कॉटा एवं 01 रिफिलिंग जुगाड़ जब्त किया गया तथा 01 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।


प्रशासनिक चेतावनी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन-सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली अवैध गैस रिफिलिंग गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख़्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

"जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत बड़ी कार्रवाई"

"जिला रसद अधिकारी प्रथम ने अवैध गैस रिफिलिंग कारोबार का किया भंडाफोड़"

"जयपुर जिले में हुई चार कार्रवाई में कुल 222 गैस सिलेंडर किये गए जब्त"

"5 आरोपियों के विरूद्ध के सम्बन्धित पुलिस थानों में मामला किया दर्ज"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story