जयपुर, 17 मार्च। जयपुर शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध गैस रिफिलिंग एवं कालाबाजारी के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध संग्रहण, ऊँचे दामों पर कालाबाजारी तथा अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम श्री प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा तीन विशेष प्रवर्तन दलों का गठन किया गया है।

विशेष प्रवर्तन दलों का गठन और सघन जांच अभियान

उक्त कार्रवाई के दौरान कुल 29 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 01 बांसुरी तथा 02 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए गए। गठित विशेष प्रवर्तन दलों में विशेष प्रवर्तन दल ‘ए’ में सुश्री कविता शर्मा (प्रवर्तन अधिकारी) एवं श्रीमती सुनीता चौधरी (प्रवर्तन निरीक्षक), विशेष प्रवर्तन दल ‘बी’ में श्रीमती पूजा शर्मा एवं श्रीमती विजयलक्ष्मी शर्मा (प्रवर्तन अधिकारी) तथा विशेष प्रवर्तन दल ‘सी’ में श्रीमती निर्मला चौधरी (प्रवर्तन अधिकारी) एवं श्रीमती प्रिया गंगवानी (प्रवर्तन निरीक्षक) शामिल हैं। इन दलों द्वारा जिला रसद अधिकारी श्री प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया।

प्रताप नगर और भांकरोटा क्षेत्र में छापेमारी

इस दौरान पुलिस थाना प्रताप नगर से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रताप नगर क्षेत्र में की गई कार्रवाई में अवैध गैस रिफिलिंग की पुष्टि होने पर मौके से 15 घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 01 बांसुरी तथा 01 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किए गए। इसी प्रकार पुलिस थाना भांकरोटा की सूचना पर भांकरोटा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 14 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 01 रेगुलेटर मय रबर पाइप जब्त किया गया। इस अवैध गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

ऑपरेशन प्रवर्तन और प्रशासन की सख्त चेतावनी

उल्लेखनीय है कि जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रवर्तन: सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” अभियान पूर्व से ही जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जयपुर शहर के नागरिकों से अपील की गई है कि "किसी भी संदिग्ध गैस रिफिलिंग सेंटर, अवैध वितरण, भंडारण या कालाबाजारी की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story