जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी पर बड़ा शिकंजा, 66 सिलेंडर जब्त, एफआईआर की कार्रवाई शुरू
जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई में 66 गैस सिलेंडर जब्त हुए। संबंधित लोगों पर एफआईआर की प्रक्रिया शुरू।

तस्वीर में एक दुकान के बाहर और भीतर भारी संख्या में रखे हुए लाल और काले रंग के गैस सिलेंडरों के पास खड़े कुछ व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं, जहां एक व्यक्ति काउंटर पर कागजी कार्रवाई कर रहा है।
जयपुर शहर में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भण्डारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 गैस सिलेंडर, 4 बांसुरियां तथा एक रेगुलेटर सहित रबर पाइप जब्त किए हैं। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई राज्य सरकार एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत 14 जुलाई को की गई।
जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित सतर्कता दल ने जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि पुलिस थाना खोनागोरियान के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान देविका नगर, बंध्या रोड क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 45 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा 4 बांसुरियां जब्त की गईं।
उन्होंने बताया कि देविका नगर बदिया रोड पर ऑटो रिक्शा के माध्यम से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर मौके से 12 घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। इस प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में सतर्कता दल ने झारखंड मोड़, खातीपुरा स्थित जोधपुर मिष्ठान भण्डार में कार्रवाई की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग की पुष्टि होने पर 9 घरेलू गैस सिलेंडर, एक रेगुलेटर तथा रबर पाइप जब्त किए गए।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 66 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 4 बांसुरियां तथा एक रेगुलेटर सहित रबर पाइप जब्त किए गए हैं। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जयपुर शहर में अवैध रिफिलिंग, गैस भण्डारण और कालाबाजारी के विरुद्ध जिला प्रशासन का "ऑपरेशन प्रवर्तन" अभियान लगातार जारी है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, भण्डारण, कालाबाजारी अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
