जयपुर। कालवाड़ स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज हाथोज धाम में रविवार, 15 नवंबर को विशाल अन्नकूट महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बालाजी महाराज की आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा।

हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि श्री बालाजी जन कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव की तैयारियां की गई हैं। महोत्सव के दौरान बालाजी महाराज को मूंग, बाजरा, चोला, कढ़ी, पूड़ी, खीर और गट्टे की सब्जी सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद महाआरती की जाएगी।

कार्यक्रम के तहत दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। वहीं, शाम 6 बजे से प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने भक्तों से बालाजी महाराज के दर्शन करने और पंगत प्रसादी ग्रहण करने का आह्वान किया। फूल बंगला झांकी, अन्नकूट भोग, संगीतमय सुंदरकांड और पंगत प्रसादी इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

Next Story