9 अगस्त को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में निकलेगी राज्यस्तरीय तिरंगा रैली, तैयारियां अंतिम चरण में
9 अगस्त को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्यस्तरीय तिरंगा रैली निकलेगी। जिला प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा कर सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

तस्वीर में जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के बाहर सड़क पर जिला कलक्टर संदेश नायक (सफेद शर्ट में) पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल चलकर निरीक्षण करते हुए।
जयपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के अंतर्गत 9 अगस्त को आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय तिरंगा रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि राज्यस्तरीय तिरंगा रैली का आयोजन राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किया जाएगा। यह रैली 9 अगस्त को प्रातः 9.30 बजे अल्बर्ट हॉल से प्रारंभ होकर सांगानेरी गेट, त्रिपोलिया गेट होते हुए बड़ी चौपड़ तक निकाली जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित सभी गतिविधियों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा तिरंगा रैली का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न कराया जाए।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को रैली मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए कहा, ताकि अभियान का सफल और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण, जिला परिषद, शिक्षा, परिवहन, पर्यटन, खेल, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। राज्यस्तरीय तिरंगा रैली के सफल आयोजन को लेकर सभी विभागों को निर्धारित व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
