जयपुर। गुप्त वृंदावन धाम में आयोजित समर कल्चर कैंप के प्रथम बैच का 'टैलेंट डे' के भव्य आयोजन के साथ समापन हो गया। इस समापन समारोह में शिविरार्थी बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा मंचित की गई विशेष नाटिका ‘गुप्त वृंदावन धाम का रहस्य’ रही, जिसके माध्यम से जयपुर के गौरवशाली आध्यात्मिक इतिहास और इसकी सांस्कृतिक विरासत की महिमा को बेहद प्रभावशाली ढंग से जनमानस के सामने प्रस्तुत किया गया।

इस ऐतिहासिक नाटक के जरिए बाल कलाकारों ने मंच पर यह जीवंत कर दिखाया कि किस प्रकार आक्रांता मुगलों के आक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए श्री गोविंद देव जी के विग्रह को वृंदावन से जयपुर लाया गया था। नाटिका में सनातनी इतिहास के उन महत्वपूर्ण प्रसंगों को उजागर किया गया, जो यह दर्शाते हैं कि आखिर क्यों गुलाबी नगरी जयपुर को 'गुप्त वृंदावन' के नाम से भी जाना जाता है। इस मुख्य प्रस्तुति के अतिरिक्त, टैलेंट डे के मंच पर बालिकाओं ने अपनी शास्त्रीय कला का प्रदर्शन करते हुए कत्थक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी और पूर्ण शुद्धता के साथ श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का सस्वर वाचन कर संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बच्चों की इस अनूठी आध्यात्मिक प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आधुनिक दौर में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के लिए इस प्रकार के आध्यात्मिक कल्चर कैंप अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि ये संस्कार बच्चों के जीवन की नींव को मजबूत करते हैं और उन्हें भविष्य में सही दिशा में आगे बढ़ने का सुअवसर प्रदान करते हैं।

इस भव्य समापन कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि श्री ओम प्रकाश मोदी, श्री अशोक अग्रवाल, श्री आशीष अग्रवाल, श्री रवि गर्ग, मोहित गर्ग, श्री शंकर रे, श्री मुकुट बिहारी गोयल, श्रीमती मुक्ता गोयल, श्री राजेंद्र मालपानी एवं श्रीमती अंशिता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी गणमान्य अतिथियों ने बाल कलाकारों की प्रतिभा को सराहते हुए बच्चों को उज्जवल भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और शुभाशीष प्रदान किया। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सनातनी जड़ों और ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं दूरगामी प्रभाव छोड़ने वाला प्रयास सिद्ध हुआ है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story