मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में जयपुर जिले के प्रत्येक गिरदावर सर्किल में ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित एवं प्रभावी लाभ उपलब्ध करवाया जा रहा है।


जिला कलक्टर द्वारा सतत मॉनिटरिंग और निर्देश

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी द्वारा जिले में आयोजित हो रहे ग्राम उत्थान शिविरों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। रविवार को जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं नन्हें शिशुओं के अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि — "शिविरों में अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया जाए।"

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि — "शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को तत्काल स्वीकृतियां जारी की जाएं, ताकि ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए योजनाओं की सरल, स्पष्ट एवं व्यवहारिक जानकारी आमजन को उपलब्ध कराने तथा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए।"


12 विभागों की सक्रिय भागीदारी और सेवाएं

ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से कृषि, पशुपालन, उद्योग, ऊर्जा, जल संसाधन, सहकारिता, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास सहित कुल 12 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा पात्रता अनुसार स्वीकृतियां मौके पर ही जारी की जा रही हैं।

शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

  • कृषि एवं उद्यानिकी विभाग: तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉण्ड, ड्रिप-फव्वारा, प्लास्टिक मल्च, सौर पंप संयंत्र, पॉलीहाउस, सॉइल हेल्थ कार्ड, बीज एवं मिनी किट वितरण सहित विभिन्न योजनाओं में स्वीकृतियां एवं सत्यापन किए जा रहे हैं। बैलों से खेती करने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, फसल बीमा एवं एमएसपी की जानकारी भी दी जा रही है।
  • कृषि विपणन विभाग: पीएमएफएमई आवेदन, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना, किसान विश्राम स्थल निर्माण प्रस्तावों का निस्तारण किया जा रहा है।
  • सहकारिता विभाग: मुख्यमंत्री किसान निधि डीबीटी, किसान क्रेडिट कार्ड, एनसीओएल-एनसीईएल सदस्यता, नवीन गोदाम निर्माण, सहकारी बैंक खाते, स्वयं सहायता समूह ऋण एवं 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।
  • पशुपालन एवं डेयरी (आरसीडीएफ): मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पंजीकरण, पशु स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार एवं खनिज मिश्रण वितरण किया जा रहा है। पीडीसीएस/डीसीएस पंजीयन, नवीन सदस्यता, सरस बूथ एवं मार्ट आवंटन तथा सहकारी ऋण संबंधी कार्य हो रहे हैं।
  • मत्स्य, ग्रामीण विकास एवं अन्य: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का प्रचार-प्रसार एवं फार्म पॉण्ड में मछली पालन की जानकारी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत गृह प्रवेश, चाबी सुपुर्दगी, वीबी-ग्राम-जी अभियान एवं दीनदयाल उपाध्याय योजना के सर्वे कार्य पूर्ण किए जा रहे हैं।
  • आपदा, उद्योग, जल एवं ऊर्जा: एसडीआरएफ अनुदान राशि का डीबीटी, उद्योग विभाग द्वारा युवा स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन, जल संसाधन विभाग द्वारा वंदे गंगा संरक्षण अभियान, नहर मरम्मत चिन्हीकरण तथा ऊर्जा विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत पंजीकरण किए जा रहे हैं।

9 फरवरी को यहां आयोजित होंगे आगामी शिविर

9 फरवरी को जयपुर जिले के निम्नलिखित स्थानों पर ग्राम उत्थान शिविर का आयोजन किया जाएगा:

  • सांगानेर की सांगानेर पंचायत समिति में।
  • बस्सी के दूधली ग्राम पंचायत एवं बस्सी पंचायत समिति परिसर में।
  • चाकसू के तितरिया में।
  • चौमूं के डोला का बास कालाडेरा में।
  • शाहपुरा के उच्च माध्यमिक विद्यालय साईवाड़ में।
  • मौजमाबाद के पंचायत भवन मौजमाबाद में।
  • फागी के नगर पालिका परिसर फागी में।
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story