जयपुर में 'ग्राम रथ अभियान' शुरू, 15 दिनों तक किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 के प्रचार के लिए एलईडी वैन के जरिए 597 ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता फैलाएगी राज्य सरकार।

जयपुर कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर संदेश नायक 'ग्राम-2026' और 'ग्राम रथ अभियान' की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए।
किसानों को उन्नत और समृद्ध बनाने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। “ग्राम” (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन 23 से 25 मई, 2026 तक किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से हजारों किसान और पशुपालक भाग लेंगे। यह आयोजन कृषि निवेश, नवाचार, तकनीक और किसान समृद्धि को समर्पित एक अभिनव मंच के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के अनुसार यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने के लिए 27 अप्रैल, 2026 से 15 दिवस का “ग्राम रथ अभियान” शुरू कर रही है।
एलईडी मोबाइल वैन आधारित इस जन-जागरूकता अभियान के तहत जिला स्तर पर कार्यक्रम के सुसंचालन और मॉनिटरिंग के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा विधानसभा स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बताया कि जिले की 10 ग्रामीण विधानसभाओं—बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा और झोटवाड़ा—के 22 ब्लॉकों और 597 ग्राम पंचायतों में यह अभियान लगातार 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में भी इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
ग्राम रथ प्रत्येक विधानसभा की चार ग्राम पंचायतों में 5 से 6 स्थानों पर लगभग एक-एक घंटे के वीडियो और ऑडियो संदेशों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और “ग्राम” का प्रचार-प्रसार करेगा। सभी उपखंड अधिकारियों से रथ संचालन के लिए रूट चार्ट प्राप्त कर लिया गया है।
इस अभियान के दौरान कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी आमजन को उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही ग्राम रथों में सुझाव पेटिका भी रखी जाएगी, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे राज्य सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
प्रतिदिन विश्राम स्थल पर आयोजित संध्या चौपाल इस अभियान का प्रमुख आकर्षण रहेगा, जहां रथों के साथ चलने वाले कला जत्था के स्थानीय कलाकार जनकल्याणकारी योजनाओं और “ग्राम-2026” का व्यापक प्रचार करेंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और निवेशकों को इस आयोजन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एलईडी मोबाइल वैन आधारित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
राज्य सरकार की यह पहल न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि “ग्राम-2026” को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप देते हुए कृषि और ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
