जयपुर में तुलसी महोत्सव का आयोजन, सामूहिक पूजन के बाद 1100 तुलसी पौधों और गंगाजल का वितरण
जयपुर के गोविंद देव जी मंदिर में आडवाणी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से तुलसी महोत्सव आयोजित किया गया। सामूहिक तुलसी पूजन और विश्व कल्याण की प्रार्थना के बाद 1100 पौधों के साथ गंगाजल वितरित किया गया।

जयपुर में आडवाणी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से सोमवार को तुलसी महोत्सव का आयोजन किया गया। गोविंद देव जी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सामूहिक तुलसी पूजन और विश्व कल्याण की प्रार्थना के बाद 1100 तुलसी के पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को गंगाजल भी वितरित किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष हितेश आडवाणी ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू हुआ। इस दौरान सामूहिक रूप से तुलसी पूजन कर विश्व कल्याण की कामना की गई। इसके बाद आमजन को तुलसी के पौधे और गंगाजल वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ ही सभी तामसिक बुराइयों का त्याग कर आध्यात्मिक जगत से जुड़ने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तुलसी के पौधे और गंगाजल प्राप्त करने में उत्साह दिखाया।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र पमवानी, लोकेश खत्री और दीपक टहलवानी सहित साधु-संत, ट्रस्ट के पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। तुलसी पूजन, पौध वितरण और गंगाजल वितरण के माध्यम से आयोजित इस महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक जीवन से जुड़ने का संदेश दिया गया।

