जयपुर, 27 दिसंबर। गुरु पर्व के पावन अवसर पर राजधानी जयपुर में साहित्य और रचनात्मकता का विशेष संगम देखने को मिला, जब राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने युवा लेखिका रूपल आदित्य की नवीन पुस्तक ‘वंडर गाइज : द लास्ट ट्रेजर ऑफ स्पार्किंगटन’ का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने पुस्तक की विषयवस्तु को रोमांच, कल्पना और खोज की भावना से परिपूर्ण बताते हुए इसे युवा पाठकों के लिए प्रेरणादायक रचना बताया।

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि साहित्य न केवल कल्पनाशीलता को विस्तार देता है, बल्कि युवाओं में जिज्ञासा, साहस और मित्रता जैसे मूल्यों को भी सशक्त करता है। उन्होंने पुस्तक की पृष्ठभूमि को रोचक और रहस्यमय बताते हुए लेखिका रूपल आदित्य को उनकी रचनात्मक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

लेखिका रूपल आदित्य ने पुस्तक के कथानक पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘वंडर गाइज : द लास्ट ट्रेजर ऑफ स्पार्किंगटन’ रोमांच, कल्पना और खोज की उस भावना का उत्सव है, जो हर युवा मन में बसती है। यह कहानी रहस्यों और रोमांच से प्रेम करने वाले पाठकों को एक ऐसे काल्पनिक संसार में ले जाती है, जहां हर सुराग एक नया आश्चर्य है और दोस्ती सबसे बड़ा हथियार बनकर उभरती है। साधारण जिज्ञासा से शुरू होकर स्पार्किंगटन नामक रहस्यमयी शहर में छिपे एक भूले-बिसरे खजाने की खोज पहेलियों, गुप्त संदेशों, खतरों और साहस से भरे रोमांचक सफर में बदल जाती है।

कार्यक्रम का समापन साहित्य की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और कल्पनाशील लेखन के महत्व को रेखांकित करते हुए हुआ। यह विमोचन न केवल युवा लेखिका रूपल आदित्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध हुआ, बल्कि समकालीन बाल एवं युवा साहित्य को भी नई दिशा देने वाला क्षण बना।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story