जयपुर में गोपाष्टमी पर भव्य गोठ, गौसेवा और प्राकृतिक खेती का संदेश
श्री पिंजरापोल गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी समारोह में गायों को ड्राई फ्रूट्स और हरा चारा खिलाकर वैदिक विधि से पूजा की गई।

जयपुर में गोपाष्टमी के अवसर पर श्री पिंजरापोल गौशाला में वैदिक विधि से पूजा-अर्चना करते लोग।
जयपुर। गोपाष्टमी के अवसर पर जयपुर में गौसेवा और गौसंरक्षण का अनूठा आयोजन देखने को मिला। श्री पिंजरापोल गौशाला परिसर स्थित सनराइज ऑर्गेनिक पार्क एवं वैदिक औषधीय पादप केंद्र में मंगलवार को पहली बार विशेष रूप से गायों की भव्य गोठ आयोजित की गई। इसमें गौमाता को 11 प्रकार के गेहूं, पौष्टिक हरा चारा और विभिन्न प्रकार के ड्राई फ्रूट्स अर्पित कर वैदिक विधि से पूजन किया गया। राष्ट्रस्तरीय गौ पूजन एवं श्री कालभैरव पूजन-अर्चन समारोह वैदिक मंत्रोच्चार, श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से गौसंरक्षण, प्राकृतिक खेती और आत्मनिर्भर गौशालाओं के निर्माण का संदेश दिया गया।
अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के तत्वावधान में आयोजित समारोह में राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। सच बेधड़क मीडिया ग्रुप के चेयरमैन श्री पवन अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित थे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने गौवंश संरक्षण को प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि देसी गाय के गोबर और गोमूत्र का वैज्ञानिक तरीके से उपयोग करके वर्मी कम्पोस्ट, जैविक खाद, घनजीवामृत सहित अनेक कृषि उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। इन उत्पादों के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता और जैविक कार्बन बढ़ाने के साथ कृषि की गुणवत्ता में सुधार तथा किसानों की लागत कम करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा सकते हैं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि देश की गौशालाओं को केवल गौवंश संरक्षण तक सीमित रखने के बजाय जैविक कृषि, गौ-आधारित उत्पाद निर्माण और ग्रामीण रोजगार के आत्मनिर्भर केंद्रों के रूप में विकसित करना जरूरी है। गोबर के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के साथ उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन पर ध्यान देकर गौशालाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है।
श्रीमती मोनिका गुप्ता ने गौसेवा को जनआंदोलन बनाने में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि गौ-आधारित उत्पादों के निर्माण, जैविक खाद उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के माध्यम से महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
समारोह में गौमाता का वैदिक विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके साथ ही भगवान श्री कालभैरव का विशेष पूजन-अर्चन भी हुआ। उपस्थित गौभक्तों ने गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक खेती, पर्यावरण सुरक्षा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए संकल्प लिया।
अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक मुकेश भारद्वाज ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के लिए श्री अन्न के सेवन को भी महत्वपूर्ण बताया। मुकेश भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक खेती के संदेश को आगे बढ़ाते हुए गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री विक्रांत खंडेलवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा शैलेंद्र भार्गव, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, बीएस रावत, हरियाणा समाज के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरदीचंद शर्मा तथा जयपुर नगर निगम के 11 से ज्यादा पूर्व एवं वर्तमान पार्षद उपस्थित रहे।
गोपाष्टमी पर आयोजित इस विशेष गोठ और पूजन समारोह ने गौसेवा को प्राकृतिक खेती, जैविक उत्पादों, ग्रामीण रोजगार और गौशालाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।

