जयपुर में गोपाष्टमी पर गौवंश सुरक्षा के लिए अभियान, हटाया 23 टन कचरा
गुप्त वृंदावन धाम ने 13 से 16 नवंबर तक जयपुर के 26 स्थानों पर अभियान चलाकर कचरा हटाया, ताकि प्लास्टिक खाने से गौवंश के जीवन की रक्षा हो सके।

जयपुर में गोपाष्टमी के अवसर पर गौमाता की सुरक्षा और शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में गुप्त वृंदावन धाम ने विशेष पहल की है। गौवंश को कचरे और प्लास्टिक से होने वाले खतरे से बचाने के उद्देश्य से 13 से 16 नवम्बर तक चलाए गए स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत जयपुर के 26 स्थानों पर सफाई की गई और करीब 23 टन कचरा हटाया गया।
गुप्त वृंदावन धाम की ओर से शुरू किए गए इस अभियान के पीछे हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में गौसेवा के दौरान प्राप्त अनुभव प्रमुख प्रेरणा रहे। गौमाता की रक्षा और शहर की स्वच्छता को एक साथ जोड़ते हुए 13 नवम्बर से अभियान की शुरुआत की गई। इसके तहत जयपुर के अलग-अलग 26 स्थानों पर सफाई कार्य पूरा किया जा चुका है। इन स्थानों से अब तक लगभग 23 टन कचरा हटाया गया है।
अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पड़े कचरे को हटाना नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को गौवंश के सामने मौजूद गंभीर खतरे के प्रति जागरूक करना भी है। सड़क किनारे फेंका जाने वाला कचरा और प्लास्टिक की थैलियां गौवंश के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान के तहत संबंधित स्थानों पर संदेशयुक्त फ्लेक्स भी लगाए जा रहे हैं।
गुप्त वृंदावन धाम ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से इस अभियान से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने तथा गौमाता की रक्षा के प्रयासों में सहभागी बनने का आग्रह किया है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि नागरिकों की थोड़ी-सी जागरूकता किसी गौमाता का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। गोपाष्टमी पर शुरू हुई यह पहल स्वच्छता के साथ गौवंश की सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दे रही है।

