राजस्थान सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम के तहत जयपुर में आयोजित जिला स्तरीय बालिका कबड्डी लीग में झोटवाड़ा की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि चाकसू की टीम उपविजेता रही। चौगान स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी कक्षा 10वीं से 12वीं तक की छात्राओं के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम, खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता झोटवाड़ा और उपविजेता चाकसू की टीमों को ट्रॉफी एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को कबड्डी की पोशाक वितरित की गई, जबकि फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों को मेट शूज दिए गए। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए नाश्ते और भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई।

राजस्थान सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं को प्रतियोगी खेलों के लिए मंच उपलब्ध कराना, उनकी खेल प्रतिभा को निखारना और कबड्डी के प्रति रुचि एवं सहभागिता बढ़ाना है। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में बाबूलाल मीना, संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी, कलेक्ट्रेट जयपुर, जिला खेल अधिकारी मानसिंह और कबड्डी कोच शशि शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में झोटवाड़ा की विजेता और चाकसू की उपविजेता टीम के रूप में सफलता के साथ जिला स्तरीय बालिका कबड्डी लीग का समापन हुआ।

Next Story