जयपुर: घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जिला प्रशासन और रसद विभाग ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 43 अवैध सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और मोटर जब्त की, 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज।

जयपुर, 22 मई। जयपुर जिला प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, ऊंचे दामों पर कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों के क्रम में जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम, प्रियव्रत सिंह चारण द्वारा गठित विशेष प्रवर्तन दल ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 43 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 1 इलेक्ट्रॉनिक मोटर और 3 बांसुरी जब्त किए हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत, विशेष प्रवर्तन दल ने पुलिस थाना भट्टा बस्ती के साथ मिलकर शास्त्री नगर स्थित मकान नंबर 50, जेपी कॉलोनी में छापेमारी की, जहां अवैध रिफिलिंग करते हुए 5 घरेलू गैस सिलेंडर, 1 कांटा और 1 इलेक्ट्रॉनिक मोटर जब्त कर एक व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। इसी क्रम में, पुलिस थाना शिवदासपुरा के सहयोग से सीताराम जी ढाणी, वार्ड नंबर 61, जगतपुरा में हुई कार्रवाई के दौरान 25 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 1 बांसुरी बरामद की गई, जिसके बाद एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कार्यवाही का सिलसिला यहीं नहीं थमा। विशेष प्रवर्तन दल ने पुलिस थाना शिप्रापथ के साथ मिलकर महारानी फार्म, पृथ्वीराज नगर स्थित जैनिल बैकर्स में छापेमारी कर 5 घरेलू गैस सिलेंडर और 1 बांसुरी जब्त की। इसके अतिरिक्त, पुलिस थाना मुहाना के सहयोग से मुहाना मंडी गेट नंबर 2 पर 4 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें संलिप्त 2 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं, पुलिस थाना गलता गेट के साथ मिलकर मीणा पेट्रोल पंप के पीछे, सुंदर नगर में की गई छापामार कार्रवाई में 4 घरेलू गैस सिलेंडर, 1 बांसुरी और 1 कांटा जब्त कर एक व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
समग्र रूप से इस विशेष अभियान में 43 घरेलू गैस सिलेंडर, 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 1 इलेक्ट्रॉनिक मोटर और 3 बांसुरी जब्त किए गए हैं। इन सभी कृत्यों में संलिप्त कुल 5 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। गौरतलब है कि जयपुर शहर में अवैध रिफिलिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 'ऑपरेशन प्रवर्तन' सतर्क नागरिक सुरक्षित शहर अभियान पूर्व से ही संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, आमजन से यह अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गैस रिफिलिंग, वितरण या कालाबाजारी की सूचना विभाग को दें, ताकि जन-सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।

