जयपुर में गांधी जयंती पर ANTF का नशामुक्ति अभियान, 1300 युवाओं ने ली शपथ
भवानी निकेतन कॉलेज में सीएम भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में लघु फिल्म और नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।

तस्वीर में जयपुर के महाविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी में युवा नशामुक्ति संकल्प पत्र भरते हुए दिख रहे हैं।
जयपुर, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर जयपुर के विद्याधर नगर स्थित भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की ओर से नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत प्रदर्शनी आयोजित की गई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और आमजन ने भाग लिया।
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में एएनटीएफ की ओर से करीब 7 हजार लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। वहीं, लगभग 1300 युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प पत्र भरकर शपथ ली।
कार्यक्रम में नशामुक्त युवा मानव श्रृंखला का अवलोकन किया गया। इसके बाद नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु फिल्म ‘नई किरण’ का प्रदर्शन किया गया। नुक्कड़ नाटक और अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नशामुक्ति सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में युवाओं ने यहां तस्वीरें खिंचवाकर नशे के खिलाफ अपना संदेश दिया। ‘मैं हूं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक’ जैसे संदेशों के साथ युवाओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश आगे बढ़ाया।
एएनटीएफ ने आमजन से की सूचना देने की अपील
महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा अपराधियों से संबंधित कोई महत्वपूर्ण सूचना होने पर एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर सूचना दें। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता का पूर्ण रूप से ध्यान रखा जाएगा।
गांधी जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से एएनटीएफ ने युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।

