जयपुर में फ्रांस की नागरिक के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद
पर्यटक सुरक्षा बल को मिले ड्राइविंग लाइसेंस और क्रेडिट कार्ड, फ्रांसीसी दूतावास के जरिए मालिक की तलाश जारी

जयपुर में सिंधी कैंप बस स्टैंड और जालूपुरा के बीच सड़क पर फ्रांस की नागरिक रिहेमे धाऊई (Riehème Dhaoui) के महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने का मामला सामने आया है। ड्राइविंग लाइसेंस, नेशनल आईडी और कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड सहित अन्य दस्तावेज पर्यटक सुरक्षा बल (TAF) को सुरक्षित मिले हैं। अब पुलिस इन दस्तावेजों की असली मालिक तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। मामले में अभी तक संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है, जबकि फ्रांसीसी दूतावास के माध्यम से भी संपर्क साधा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयपुर भ्रमण पर आई फ्रांसीसी नागरिक रिहेमे धाऊई के आवश्यक दस्तावेज और बैंक कार्ड सिंधी कैंप बस स्टैंड से जालूपुरा के बीच मुख्य सड़क पर गिर गए थे। ये दस्तावेज राजस्थान पुलिस के पर्यटक सुरक्षा बल (TAF) की टीम को मिले। इसके बाद टीम ने बिना विलंब किए दस्तावेजों की वास्तविक मालिक का पता लगाने के लिए छानबीन शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंधी कैंप और विधायकपुरी थाने में भी जानकारी जुटाई गई। हालांकि, जांच के दौरान सामने आया कि इन दस्तावेजों के गुम होने के संबंध में अभी तक किसी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद पर्यटक सुरक्षा बल ने दस्तावेजों को उनकी असली मालिक तक पहुंचाने के लिए प्रयास जारी रखे हैं। पुलिस की ओर से संबंधित फ्रांसीसी नागरिक से संपर्क स्थापित करने के लिए दूतावास के माध्यम से भी बातचीत और प्रयास किए जा रहे हैं।
पर्यटक सुरक्षा बल के पास फ्रांसीसी नागरिक के ड्राइविंग लाइसेंस, नेशनल आईडी, क्रेडिट कार्ड और अन्य सभी दस्तावेज सुरक्षित रखे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि यह सूचना संबंधित महिला नागरिक या उनके किसी परिचित तक पहुंचती है, तो वे पर्यटक सुरक्षा बल (TAF) अथवा संबंधित थाने से संपर्क कर अपने मूल दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।
दस्तावेजों की पहचान और उन्हें सही मालिक तक पहुंचाने के लिए पर्यटक सुरक्षा बल के डिप्टी डायरेक्टर एवं पुलिस उपाधीक्षक श्री संग्राम सिंह से संपर्क किया जा सकता है। उनका कार्यालय पर्यटन भवन में कमरा नंबर 209 में, विधायकपुरी थाने के पास, जयपुर में स्थित है। संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 82335-67587, दूरभाष नंबर 0141-2600336, सीयूजी नंबर 8764868070 तथा कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2388438 और 0141-2388430 जारी किए गए हैं। पुलिस के प्रयासों के बीच अब संबंधित फ्रांसीसी नागरिक तक सूचना पहुंचने और उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज लौटाए जाने का इंतजार है।

