ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह: जयपुर वन मंडल में 95 गतिविधियां, 474 लोगों ने लिया हिस्सा
मिशन लाइफ के तहत जयपुर वन मंडल में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक का आगाज हुआ, जिसमें योग, पौधारोपण और स्वच्छता अभियानों के जरिए 474 लोगों ने हिस्सा लिया।

जयपुर वन मंडल में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के पहले दिन पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। रविवार, 01 नवम्बर को मिशन लाइफ के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में 474 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान योग, वॉकाथोन, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ सहित कुल 95 गतिविधियां आयोजित की गईं।
राज्य सरकार की ओर से मिशन लाइफ के अंतर्गत 01 से 07 नवम्बर 2026 तक ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक आयोजित किया जा रहा है। इसके प्रथम दिवस जयपुर वन मंडल के विभिन्न वन क्षेत्रों, रेंज कार्यालयों, वन नाकों एवं पौधशालाओं में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की थीम पर जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत जयपुर सिटी रेंज स्थित स्मृति वन में योग सत्र और वॉकाथोन के साथ हुई। इसमें लगभग 100 लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को दैनिक जीवन में योग, व्यायाम और पर्यावरण के अनुकूल आदतें शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा विभिन्न रेंज कार्यालयों में मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ (मिशन लाइफ प्लेज) दिलाई गई। कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई और पौधारोपण की गतिविधियां भी आयोजित की गईं। वहीं, विभिन्न वन नाकों एवं पौधशालाओं में परिसर की सफाई, पौधों की देखभाल, पौधारोपण और मिशन लाइफ की शपथ सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रम हुए।
जयपुर वन मंडल के अंतर्गत आयोजित कुल 95 गतिविधियों में लगभग 474 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न कार्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत कुल 100 पौधे लगाए गए। प्रतिभागियों को पौधारोपण और हरितीकरण के महत्व की जानकारी देने के साथ रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया गया।
जिला उप वन संरक्षक राहुल झांझड़िया ने बताया कि जयपुर वन मंडल मिशन लाइफ के उद्देश्यों के अनुरूप आमजन और विभागीय कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिवसों में भी निर्धारित थीम के अनुसार जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के पहले दिन आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।

