राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विजन और निर्देशों के अनुरूप ग्रामीण अंचलों में जनकल्याणकारी योजनाओं की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संचालित 'ग्राम रथ अभियान' अब धरातल पर बदलाव की बड़ी इबारत लिख रहा है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित कर उनके जीवन स्तर को उन्नत बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पंचायत समिति रेनवाल की ग्राम पंचायत इटावा में आयोजित ग्राम रथ अभियान के दौरान कृषि विभाग की 'तारबंदी योजना' के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसने किसानों को आवारा पशुओं के आतंक से मुक्ति दिलाकर उनकी मेहनत को सुरक्षित किया है।

ग्राम पंचायत इटावा के निवासी मदनलाल, मालीराम, बाबूलाल, सीताराम एवं नाथूराम जाट ने अपनी सफलता की गाथा साझा करते हुए बताया कि उनका संपूर्ण परिवार कृषि एवं पशुपालन पर ही आश्रित है। पूर्व में खेतों की घेराबंदी या तारबंदी न होने के कारण आवारा पशु उनकी लहलहाती फसलों को भारी नुकसान पहुंचाते थे, जिससे न केवल उनकी लागत डूब जाती थी बल्कि पूरे परिवार के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो जाता था। इस समस्या का स्थायी समाधान तब मिला जब उन्हें कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से राज्य सरकार की तारबंदी योजना की जानकारी मिली। योजना की पात्रता समझते ही इन किसानों ने तुरंत आवेदन किया और विभागीय अनुदान प्राप्त कर अपने खेतों के चारों ओर मजबूत तारबंदी करवाई।

तारबंदी होने के बाद अब इन किसानों की फसलें पूरी तरह सुरक्षित हैं और आवारा पशुओं द्वारा होने वाले नुकसान पर पूर्णतः अंकुश लग गया है। किसानों का कहना है कि पहले फसल की सुरक्षा को लेकर वे दिन-रात मानसिक तनाव और चिंता में रहते थे, लेकिन अब तारबंदी ने उन्हें बड़ी राहत प्रदान की है। सुरक्षा सुनिश्चित होने से न केवल खेती के तौर-तरीकों में सुधार हुआ है, बल्कि पैदावार बढ़ने से उनकी वार्षिक आय में भी उल्लेखनीय इजाफा दर्ज किया गया है। अपनी खुशहाली का श्रेय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राजस्थान सरकार एवं कृषि विभाग की नीतियों को देते हुए मदनलाल और अन्य साथियों ने आभार व्यक्त किया है। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र के अन्य कृषकों से भी आह्वान किया है कि वे जागरूक बनें और सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को लाभ का सौदा बनाएं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story