जयपुर, 27 मार्च। निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री सीताराम जाट द्वारा शुक्रवार को जयपुर जिले की सांगानेर एवं चाकसू पंचायत समितियों के राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के शैक्षिक वातावरण एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रवेशोत्सव सघन अभियान के अंतर्गत जारी विभागीय दिशा-निर्देशों की अनुपालना की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया।

सीबीईओ सांगानेर ग्रामीण के निलंबन के निर्देश

निदेशक महोदय ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वाटिका, कुम्हारियावास एवं तितरिया का निरीक्षण किया। विभाग द्वारा प्रवेशोत्सव के लिए सर्वे कार्य चार चरणों में कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिसका प्रथम चरण 27 मार्च को निर्धारित था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सांगानेर ग्रामीण द्वारा उसी दिन प्रातः 8:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक राउमावि भम्भौरिया में बैठक आयोजित करने के आदेश जारी किए गए, जिससे प्रवेशोत्सव सघन अभियान का प्रथम चरण प्रभावित हुआ। इस पर निदेशक ने विभागीय निर्देशों की अवहेलना करते हुए बैठक आयोजित करने एवं अभियान में बाधा उत्पन्न करने के कारण मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सांगानेर ग्रामीण के निलंबन तथा राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 16 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

वाटिका विद्यालय में प्रधानाचार्य और शिक्षकों पर गिरी गाज

राउमावि वाटिका के निरीक्षण में प्रधानाचार्य श्रीमती सारिका सिंघल बैठक में उपस्थित होने के कारण विद्यालय में अनुपस्थित पाई गईं। विद्यालय स्टाफ को प्रवेशोत्सव सघन अभियान की जानकारी का अभाव था तथा अभियान हेतु नियुक्त शिक्षकों में से चार शिक्षक बीएलओ एवं अन्य कार्यों में व्यस्त होकर अनुपस्थित थे। इस पर प्रधानाचार्य के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान निदेशक ने डिजिटल प्रवेशोत्सव मॉड्यूल एप में आ रही तकनीकी समस्याओं का मौके पर समाधान करवाया तथा वाटिका के वार्ड संख्या 8 में स्वयं डोर-टू-डोर सर्वे का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिभावकों से संवाद कर राजकीय विद्यालयों में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा बच्चों के प्रवेश के लिए प्रेरित किया।

कुम्हारियावास और तितरिया में लापरवाही पर कार्रवाई

राउमावि कुम्हारियावास, चाकसू के निरीक्षण में दो पंचायत सहायक लंबे समय से बीएलओ कार्य के नाम पर विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में उपखंड अधिकारी, चाकसू से दूरभाष पर प्राप्त जानकारी के आधार पर स्पष्ट हुआ कि वर्तमान में सभी बीएलओ को उपखंड कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश नहीं हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक, जयपुर को संबंधित पंचायत सहायकों के निलंबन के निर्देश दिए गए। इसी विद्यालय के व्याख्याता श्री गिरिराज साहू द्वारा सघन प्रवेशोत्सव अभियान में लगाए जाने के बावजूद जनगणना ड्यूटी पर जाने एवं आदेशों की अवहेलना करने पर उनके विरुद्ध भी राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अभियान में उदासीनता पर निदेशक की सख्त चेतावनी

राउमावि तितरिया के निरीक्षण में पाया गया कि प्रधानाचार्य श्रीमती शशिबाला सपरा द्वारा प्रवेशोत्सव सघन अभियान के लिए कोई ठोस योजना तैयार नहीं की गई तथा विभागीय दिशा-निर्देशों की अवहेलना की गई। इस पर उनके विरुद्ध भी नियम 17 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई। निदेशक ने स्पष्ट किया कि "प्रवेशोत्सव अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों को पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story