जयपुर में घरेलू पीएनजी नेटवर्क का विस्तार, रंगोली गार्डन्स में पहली आपूर्ति शुरू
जिला कलक्टर संदेश नायक ने प्रथम घरेलू कनेक्शन का शुभारंभ किया, जयपुर में अब तक 17,940 से अधिक घरों तक पहुँची गैस पाइपलाइन सुविधा।

जयपुर में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और आमजन तक सुरक्षित व सुलभ गैस सुविधा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला प्रशासन ने पीएनजी नेटवर्क विस्तार अभियान को गति दी है। पश्चिम एशिया में जारी ऊर्जा संकट के बीच केंद्र और राज्य सरकार स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार शाम को रंगोली गार्डन्स सोसाइटी में प्रथम घरेलू पीएनजी कनेक्शन का शुभारंभ किया गया।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने रंगोली गार्डन्स सोसाइटी में आयोजित कार्यक्रम में प्रथम घरेलू पीएनजी कनेक्शन का शुभारंभ कर सोसाइटी में पीएनजी आपूर्ति की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सोसाइटी के निवासियों से अधिकाधिक संख्या में पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पीएनजी एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती विकल्प है। साथ ही यह देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह ने बताया कि जयपुर जिले में अब तक 17 हजार 943 से अधिक घरों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के पीएनजीआरबी द्वारा राजधानी जयपुर में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के लिए टोरेंट गैस जयपुर प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। सरकार शहर में पीएनजी नेटवर्क विस्तार कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है ताकि आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित और निर्बाध ऊर्जा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर में बेहतर ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार को सुनिश्चित कर रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उपखण्ड अधिकारी जयपुर शहर शैलेश कुमार शर्मा, हृदेश कुमार, शोभित सक्सेना, आलोक रूपराय, अमित जांगिड़, सतीश बेलवाल और शान्तनु चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रंगोली गार्डन्स सोसाइटी में शुरू हुई घरेलू पीएनजी आपूर्ति को जयपुर में ऊर्जा अवसंरचना विस्तार और सुरक्षित गैस नेटवर्क प्रणाली की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि शहर में स्वच्छ ऊर्जा उपयोग को भी नई गति मिलेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
