जयपुर में दीपावली के उत्सव को स्वच्छता, रोशनी और सामूहिक भागीदारी से जोड़ने के लिए नगर निगम ने ‘दिवाली खुशियों वाली – विशेष आयोजन 2026’ की घोषणा की है। महापौर सुनील कोठारी ने 3 नवंबर को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में 12 दिवसीय विशेष आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान शहर में सफाई अभियान, सेवा मैराथन, ड्रोन शो, आतिशबाजी और विशेष सजावट के साथ सात प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में उपमहापौर सरोज कंवर और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा भी उपस्थित रहे। महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि गुलाबी नगरी की दिवाली को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना नगर निगम का संकल्प है। यह आयोजन केवल निगम तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे शहर का उत्सव है, जिसमें प्रत्येक नागरिक, व्यापारी और संस्थान की भागीदारी जरूरी है।

महापौर ने बताया कि वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 वार्डों को कुल 1.80 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। सभी श्रेणियों के विजेताओं को वे स्वयं सम्मानित करेंगे। उन्होंने शहरवासियों से आधिकारिक पोर्टल jaipurdiwali.com पर अधिक से अधिक प्रविष्टियां भेजकर आयोजन में भाग लेने की अपील की।

उपमहापौर सरोज कंवर ने जयपुर के सभी 150 वार्डों के पार्षदों से वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं, आयुक्त ओम कसेरा ने महापौर के निर्देशन में सफाई, सुरक्षा और ऑनलाइन प्रविष्टियां प्राप्त करने के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

आयोजन के तहत स्वच्छता और दीपावली उत्सव से जुड़े पांच प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। इसकी शुरुआत 31 अक्टूबर, शनिवार को ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0 के साथ हुई। इसके तहत दीपावली से पहले शहर के सभी 150 वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। जयपुर के 13 जोन में एक साथ अभियान संचालित किया गया, जिसमें मुख्य बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई को प्राथमिकता दी गई। नगर निगम ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने की अपील की।

5 नवंबर, गुरुवार को सफाई सेवा मैराथन 2.0 आयोजित होगी। यह स्वच्छता के प्रति समर्पण का सामूहिक सेवा अभियान होगा, जिसमें सफाई कर्मचारी, पार्षद और नागरिक एक साथ श्रमदान करेंगे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्डों को वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता के तहत पुरस्कृत किया जाएगा।

7 नवंबर, शनिवार को रात 9 बजे विधानसभा में ड्रोन शो आयोजित होगा। इसमें ड्रोन के माध्यम से गुलाबी नगरी के आसमान में दीयों, विभिन्न आकृतियों और रोशनी से जुड़े संदेशों की आकर्षक प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। यह प्रदर्शन पूरे शहर से दिखाई देगा।

8 नवंबर, रविवार को रात 9:30 बजे विधानसभा में आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। दीपावली की रात होने वाला यह प्रदर्शन जयपुर के आसमान को रोशन करेगा और परकोटे, पहाड़ी किलों तथा शहर की विभिन्न छतों से दिखाई देगा।

इसी दिन शहर में विशेष सजावट भी की जाएगी। जयपुर की गलियों, हवेलियों और स्मारकों पर मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। रंगोली, फूलों, गेंदे के तोरण और कंदील से घरों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों को सजाया जाएगा।

आयोजन की सभी सात प्रतियोगिताएं 4 से 11 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगी। इनमें वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता के साथ आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत और बाजार सजावट की छह श्रेणियां शामिल हैं।

वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक वार्ड अपनी 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें प्रस्तुत कर सकेगा। कैमरे या गैलरी से ली गई इन तस्वीरों में स्वच्छता अभियान, नवाचार और वार्ड में की गई विशेष पहल प्रदर्शित करनी होगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 51 लाख रुपये, द्वितीय स्थान को 31 लाख रुपये और तृतीय स्थान को 21 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य दिए जाएंगे। चौथे से दसवें स्थान तक आने वाले सात वार्डों में प्रत्येक को 11 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य मिलेंगे। इस प्रकार शीर्ष 10 वार्डों के लिए कुल 1.80 करोड़ रुपये के विकास कार्य निर्धारित किए गए हैं।

सजावट प्रतियोगिताओं में आवासीय श्रेणी को पारंपरिक और आधुनिक दो वर्गों में विभाजित किया गया है। पारंपरिक सजावट प्रतियोगिता में घरों की रंगोली, रंगीन रंगोली, मांडना, गोबर कला, पुष्प सजावट और अन्य पारंपरिक सजावट को शामिल किया गया है। इस श्रेणी के विजेताओं को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन (EV), LED टीवी और स्मार्टफोन पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।

आवासीय आधुनिक सजावट प्रतियोगिता में घरों की लाइटिंग, एलईडी, तकनीकी सजावट और अन्य आधुनिक सजावट का मूल्यांकन किया जाएगा। इस श्रेणी के विजेताओं के लिए भी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन (EV), LED टीवी और स्मार्टफोन पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सजावट प्रतियोगिता में दुकानें, शोरूम, शॉपिंग मॉल, सुपरमार्केट, होटल एवं रिसॉर्ट, कार्यालय भवन, कारखाने और औद्योगिक प्रतिष्ठान भाग ले सकेंगे। विजेताओं को प्रशंसा स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

संस्थागत प्रतिष्ठानों की श्रेणी में विद्यालय, महाविद्यालय, सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSUs), अस्पताल, क्लीनिक एवं चिकित्सा संस्थान, सरकारी भवन, बैंक, गैर सरकारी संगठन (NGOs), धार्मिक और धर्मार्थ स्थल शामिल किए गए हैं। इस श्रेणी के विजेताओं को भी प्रशंसा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

बाजार सजावट के लिए दो अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली श्रेणी जयपुर के परकोटा यानी हेरिटेज क्षेत्र के बाजारों के लिए है। दूसरी श्रेणी अन्य बाजारों के लिए रखी गई है। दोनों बाजार श्रेणियों के विजेताओं को प्रशंसा स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए 6 से 11 नवंबर 2026 तक केवल jaipurdiwali.com पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया में सबसे पहले मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर संबंधित श्रेणी का चयन करना होगा। इसके बाद पोर्टल पर उपलब्ध कैमरे से लाइव फोटो लेकर अपलोड करनी होगी। प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा प्रकाशित मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को महापौर सुनील कोठारी सम्मानित करेंगे।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई या संपादित की गई तस्वीरें प्रतियोगिता के लिए मान्य नहीं होंगी। 11 नवंबर 2026 के बाद किसी भी प्रविष्टि को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के बाद नगर निगम परिसर में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर सुनील कोठारी ने उपमहापौर सरोज कंवर और आयुक्त ओम कसेरा के साथ मीडिया प्रतिनिधियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। ‘दिवाली खुशियों वाली’ आयोजन के माध्यम से जयपुर में स्वच्छता, सामूहिक सहभागिता और शहर की सजावट को सात प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ने की पहल की गई है।

Next Story