जयपुर। जयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित ‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए शहरवासियों को अब अतिरिक्त समय मिलेगा। पार्षदों, नागरिकों और आवेदकों की मांग को देखते हुए नगर निगम ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 नवंबर 2026, गुरुवार कर दी है। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक लोगों को एक और सुविधा दी गई है। अब सभी सातों श्रेणियों में दीपावली के दौरान की गई सजावट की मोबाइल गैलरी में पहले से सुरक्षित तस्वीरें भी अपलोड की जा सकेंगी।

इस बदलाव से उन नागरिकों, व्यापारियों और संस्थागत प्रतिष्ठानों को भी प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने दीपावली पर अपने घर, प्रतिष्ठान, कार्यालय या बाजार को सजाया था और उसकी तस्वीरें मोबाइल में सुरक्षित रखी हैं। ऐसे प्रतिभागियों को अब दोबारा सजावट करने या नई तस्वीरें लेने की जरूरत नहीं होगी। वे अपनी पुरानी तस्वीरों के माध्यम से ही प्रतियोगिता में प्रविष्टि जमा कर सकेंगे।

जयपुर नगर निगम की ओर से इस आयोजन के तहत कुल सात श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता, आवासीय क्षेत्रों में पारंपरिक सजावट, आवासीय क्षेत्रों में आधुनिक सजावट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, संस्थागत प्रतिष्ठान तथा परकोटा (हेरिटेज) एवं ग्रेटर क्षेत्र के बाजार शामिल हैं।

प्रतियोगिता में वार्ड स्तरीय श्रेणी के तहत पार्षदों को अपने वार्ड की स्वच्छता, नवाचार और विशेष पहलों से संबंधित 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें प्रस्तुत करनी होंगी। इस श्रेणी में विजेता वार्डों को अतिरिक्त विकास कार्यों के रूप में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 51 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले वार्ड को 31 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 21 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, चौथे से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रत्येक वार्ड को 11 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों से पुरस्कृत किया जाएगा।

आवासीय क्षेत्रों में पारंपरिक और आधुनिक सजावट की दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन (EV), एलईडी टीवी और स्मार्टफोन जैसे पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। वहीं, व्यावसायिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठानों के साथ परकोटा (हेरिटेज) और ग्रेटर क्षेत्र के बाजारों में उत्कृष्ट सजावट एवं सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में आवेदन करने के लिए प्रतिभागियों को jaipurdiwali.com पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद संबंधित श्रेणी का चयन कर दीपावली के दौरान की गई सजावट की तस्वीरें सीधे मोबाइल गैलरी से अपलोड की जा सकेंगी। निर्णायक मंडल निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन करेगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को माननीय महापौर द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

जयपुर नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 रहेगी। इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम ने शहर के नागरिकों, व्यापारियों, संस्थागत प्रतिष्ठानों और वार्ड पार्षदों से बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। साथ ही दीपावली के दौरान घरों, प्रतिष्ठानों और बाजारों में की गई सजावट की तस्वीरें साझा कर सामूहिक आयोजन में सहभागिता करने तथा गुलाबी नगरी की खूबसूरती को नई पहचान देने का आह्वान किया है।

Next Story